×
Chaupal Tv
Latest Update

फसल उत्पादन को बढ़ाने के उद्देश्य को लेकर नगराधीश सुभाष चंद्र ने कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

हिसार, 12 मई।
जिले में फल, सब्जियों एवं विभिन्न फसलों के उत्पादन को बढ़ाने के उद्देश्य को लेकर नगराधीश सुभाष चंद्र ने कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में किसानों को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण देकर निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने पर जोर दिया गया।


बैठक के दौरान बागवानी एवं हॉर्टिकल्चर विभाग द्वारा अपनाई जा रही विभिन्न आधुनिक तकनीकों पर विस्तृत चर्चा की गई। इनमें मशरूम उत्पादन, नेट हाउस फार्मिंग, हाइब्रिड सब्जी उत्पादन विधियां, स्ट्रॉबेरी एवं मिर्च उत्पादन सहित अन्य उन्नत कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने पर विशेष फोकस किया गया। नगराधीश सुभाष चंद्र ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को समय-समय पर प्रशिक्षण देकर नई तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसान आधुनिक खेती अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में तकनीक का सही उपयोग ही किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने का आधार बनेगा।


बैठक के दौरान किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे सॉयल हेल्थ कार्ड एंड मॉनिटरिंग, किसान सम्मान निधि, विभिन्न सब्सिडी योजनाएं, मेरा पानी मेरी विरासत, मेरी फसल मेरा ब्यौरा, फसल बीमा योजना एवं केसीसी कार्ड आदि के बारे में भी विस्तार से चर्चा की गई। नगराधीश ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न प्रचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा किसान इन योजनाओं से जुडक़र लाभ उठा सकें।
बैठक में कृषि विभाग के उपनिदेशक राजबीर सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।