×
Chaupal Tv
Latest Update

मॉनसून सीजन को देखते हुए उपायुक्त महेंद्र पाल ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जल निकासी व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश

हिसार, 12 मई।
जिले में आगामी मॉनसून सीजन को देखते हुए उपायुक्त महेंद्र पाल ने मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर जल निकासी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उनके साथ अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद मौजूद रहे।


उपायुक्त ने विभिन्न स्थानों से होकर गुजरने वाली ड्रेनों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए समय रहते सभी ड्रेनेज सिस्टम की सफाई कर ली जाए। पंप सेटों को पूरी तरह चालू हालत में रखा जाए। उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि जिन इलाकों में पिछले वर्ष अधिक जलभराव की समस्या सामने आई थी, वहां विशेष निगरानी रखते हुए अतिरिक्त प्रबंध किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को पुराने वर्षों के वर्षा आंकड़ों का अध्ययन कर उसी आधार पर प्रभावी योजना बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ड्रेनों और सीवरेज लाइनों की सफाई व्यवस्था रखने पर जोर दिया। उपायुक्त ने जलभराव संभावित क्षेत्रों का दौरा कर सफाई कार्य की वास्तविक स्थिति के आकलन के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे नालों में जमी गाद को पूर्ण रूप से हटवाएं तथा जल निकासी की क्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक तकनीकी उपायों को प्राथमिकता के आधार पर लागू करना सुनिश्चित करें।


उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे किसी भी कार्य में ढिलाई न बरते, यदि किसी संसाधन या मशीनरी की आवश्यकता हो तो तुरंत अवगत करवाएं, बाद में किसी तरह का बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।  उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि जिले को जलभराव की समस्या से मुक्त रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।


इस अवसर पर एसडीएम ज्योति मित्तल, डीडीपीओ नरेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।