रोहतक, 26 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उपायुक्त सचिन गुप्ता ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के गेट नंबर-1 स्थित राज्यस्तरीय युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल 27 वर्ष पूर्व मिली ऐतिहासिक विजय को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह उन वीर सैनिकों के अद्वितीय साहस, समर्पण और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि शहीदों की गौरव गाथा और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है, ताकि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा मिले और वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
सचिन गुप्ता ने कहा कि देश सेवा केवल सीमाओं पर तैनात सैनिक ही नहीं करते, बल्कि प्रत्येक नागरिक अपने-अपने दायित्व का ईमानदारी, निष्ठा और राष्ट्रहित की भावना से निर्वहन करके भी देश की सेवा कर सकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने कार्य को पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करे तो वह भी राष्ट्र सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस को केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि हमें प्रतिदिन अपने वीर शहीदों के बलिदान को स्मरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब कोई सैनिक देश की सीमाओं पर कठिन परिस्थितियों में सेवा करता है, तब उसके साथ उसका पूरा परिवार भी राष्ट्र सेवा में सहभागी होता है। ऐसे सभी वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिजनों और उन परिवारों को उनका शत-शत नमन है, जिन्होंने राष्ट्र को ऐसे वीर सपूत दिए।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों में करियर के लिए प्रेरित करने के लिए अधिक से अधिक जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के सहयोग से चलाए जा रहे एसएसबी मार्गदर्शन कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों का अनुभव युवाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने अग्निवीर योजना तथा एसएसबी के माध्यम से अधिकारी बनने जैसी संभावनाओं की जानकारी युवाओं तक पहुंचाने पर भी बल दिया। उपायुक्त ने विश्वविद्यालय प्रशासन एवं कार्यक्रम में शामिल पूर्व सैनिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे संयुक्त प्रयास युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सेवा भाव को मजबूत करेंगे।
सचिन गुप्ता ने देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके त्याग और समर्पण ने न केवल भारत की सीमाओं की रक्षा की है, बल्कि विश्व पटल पर देश की प्रतिष्ठा और सम्मान को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने सभी वीर सैनिकों एवं उनके परिवारों को पुन: सादर नमन किया।
कारगिल विजय दिवस पर सम्मानित वीर एवं वीर परिवार :-
वीरता पदक विजेता सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर हरबीर सिंह, सेवानिवृत्त पेटी ऑफिसर महावीर सिंह, सेवानिवृत्त नायक समुंदर सिंह, वीर माता श्रीमती इन्द्रावती (शहीद सिपाही जसबीर सिंह की माता), वीर नारियाँ श्रीमती सुलेखा (शहीद नायक सुरेश कुमार की धर्मपत्नी), श्रीमती सुनीता (शहीद नायक जसवीर सिंह की धर्मपत्नी), श्रीमती राजपति (शहीद नायक कृष्ण लाल की धर्मपत्नी) को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के कुलगुरु मिलाप पुनिया, जिला सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड के अधिकारी विंग कमांडर गौरिका सुहाग, कल्याण व्यवस्थापक नरेश कुमार, रविन्द्र, दिनेश कुमार, लिपिक प्रेम सिंह, विक्रम सिंह, संजय सिंह, संजय, बिजेंद्र सिंह, रोहित, अंजू कुमारी व सुमित उपस्थित रहे।
युवा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं, अपने दायित्वों का ईमानदारी से करें निर्वहन :- उपायुक्त सचिन गुप्ता









