×
Chaupal Tv
Haryana

 मतदाता 24 जुलाई का ना करें इंतजार, तुरंत   गणना प्रपत्र भरकर  बीएलओ को जमा कराएं : डीसी

झज्जर, 14 जुलाई। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि बेशक भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत संशोधित कार्यक्रम जारी किया है,मगर प्रत्येक वोटर 24 जुलाई का इंतजार ना करते हुए आज ही अपना हस्ताक्षर युक्त गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को जमा करवाएं,ताकि प्रपत्रो का साथ साथ डिजिटाइजेशन हो सके। उन्होंने बताया कि सजग मतदाता ही सजग लोकतंत्र की असली पहचान है।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल मंगलवार को अधिकारियों के साथ एसआईआर  2026 अभियान की समीक्षा कर रही थी।

वोटरों की पहचान में राजनीतिक दलों का लिया जाए सहयोग
डीसी ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर के चलते बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र एकत्र करने की अवधि 24 जुलाई  तक बढ़ा दी गई है। उन्होंने जिला के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी देरी के अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं अथवा ऑनलाइन माध्यम से स्वयं भरकर प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप कार्य करते हुए डिजिटाइजेशन कार्य को तत्काल पूरा किया जाए। साथ ही इस कार्य में राजनीतिक दलों के बीएल ए का भी सहयोग लिया जाए।
ऑनलाइन एन्यूमरेशन की सुविधा भी उपलब्ध
डीसी ने बताया कि झज्जर जिला की चारों विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता यदि स्वयं ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने में सक्षम हैं तो वे भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन एन्यूमरेशन (गणना) प्रपत्र भर सकते हैं। इससे समय की बचत होगी और गणना प्रपत्र का डिजिटाइजेशन भी तेजी से किया जा सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गणना प्रपत्र भरने के लिए आफलाइन के साथ साथ ऑनलाइन सुविधा आयोग द्वारा प्रदान की गई है।
तत्काल डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने के निर्देश
डीसी ने ईआरओ को निर्देश दिए कि प्राप्त होने वाले सभी गणना प्रपत्रों का तुरंत डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए। जिन मतदाताओं के प्रपत्र प्राप्त नहीं हो रहे हैं, उनके संबंध में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।
31 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची होगी प्रकाशित
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जबकि उनका निस्तारण 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
मतदाताओं से सक्रिय सहयोग की अपील
डीसी ने कहा कि शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया का आधार है। इसलिए सभी पात्र मतदाता निर्धारित अवधि के भीतर अपना गणना प्रपत्र अवश्य भरें और निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सहयोग दें। इस दौरान एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल और एसडीएम बादली विशाल कुमार वीसी से जुड़े।
यह अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, सीईओ जिला परिषद मनीष कुमार फोगाट सीटीएम रितु सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।