झज्जर, 25 जुलाई
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला झज्जर में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से संचालित करने के लिए 27 जुलाई को चुनाव अधिकारियों का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 27 जुलाई को दोपहर 2 बजे से सायं 4 बजे तक लघु सचिवालय, झज्जर के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में जिला के सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारी तथा सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी भाग लेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण में सभी चिन्हित अधिकारियों की उपस्थिति बेहद अनिवार्य है।
एक जुलाई को अर्हता तिथि मानकर जिला में चल रहा एसआईआर
डीसी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत एक जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नवीनतम दिशा-निर्देशों, दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण, नोटिस प्रक्रिया, दस्तावेजों के सत्यापन तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने से संबंधित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी अधिकारियों को दी जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि अपडेट और त्रुटि रहित मतदाता सूची सजग लोकतंत्र की पहचान है। इसलिए पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित समयावधि में संपन्न किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रशिक्षण में समय पर उपस्थित होकर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की गहन जानकारी प्राप्त करें तथा पुनरीक्षण कार्य को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करें।
—————-









