×
Chaupal Tv
Latest Update

स्वयं जनगणना का आज (30 अप्रैल ) अंतिम दिन, 1 मई से शुरू होगा हाउस लिस्टिंग व जनगणना कार्य : डीसी

झज्जर, 29 अप्रैल। डीसी  स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने जिले के समस्त नागरिकों से आह्वान किया है कि स्वयं जनगणना (Self Enumeration) का आज गुरुवार 30 अप्रैल को अंतिम दिन है। उन्होंने सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ साथ आम जन से आह्वान किया कि वे  बढ़-चढ़कर इस प्रक्रिया में भाग लें और अपनी जनगणना सुनिश्चित करें, ताकि जिले की अधिकतम भागीदारी दर्ज हो सके।


डीसी  ने बताया कि झज्जर सहित हरियाणा प्रदेश में अब तक 2 लाख 45 हजार से अधिक परिवार स्वयं जनगणना कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर चुके हैं, जो आमजन की जागरूकता और सक्रिय सहभागिता को दर्शाता है। विशेष रूप से युवाओं में इस अभियान को लेकर उत्साह सराहनीय रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वयं जनगणना की प्रक्रिया अत्यंत सरल एवं सुगम है, जिसे मात्र 5 से 7 मिनट में se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर पूरा किया जा सकता है।


डीसी ने जानकारी देते हुए बताया कि 1 मई से जिले में वास्तविक हाउस लिस्टिंग एवं जनगणना कार्य प्रारंभ हो जाएगा। इस दौरान नियुक्त प्रगणक (Enumerators) एवं पर्यवेक्षक (Supervisors) घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे इन कर्मियों का पूरा सहयोग करें और सही, सटीक एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध करवाएं।


उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान दी गई सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाती हैं और किसी भी व्यक्ति या संस्था के साथ साझा नहीं की जातीं।


उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसके माध्यम से देश की विकास योजनाओं, नीतियों के निर्माण एवं संसाधनों के न्यायसंगत वितरण में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित होती है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि जनगणना कर्मियों को जानकारी देने से इंकार करना या सहयोग न करना जनगणना अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय अपराध है।


डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने जिला झज्जर के सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं और अपनी जनगणना अवश्य करवाएं।


उन्होंने जिले के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि जनगणना कार्य के लिए व्यापक एवं सुव्यवस्थित तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। प्रगणक एवं पर्यवेक्षक इस प्रक्रिया के प्रमुख स्तंभ हैं और उनसे अपेक्षा की जाती है कि वे पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने बताया कि यदि किसी नागरिक, प्रगणक या पर्यवेक्षक को किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वे अपने संबंधित पर्यवेक्षक या तहसीलदार से संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जनगणना विभाग द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1855 पर भी अपनी शिकायत या समस्या दर्ज करवाई जा सकती है, जिस पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
———–

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।