रोहतक, 9 जून। केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने अभूतपूर्व स्थिरता और अभूतपूर्व परिवर्तन दोनों का अनुभव किया है। यही कारण है कि आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत, आत्मविश्वासी और तेजी से विकसित हो रही शक्ति के रूप में स्थापित हुआ है। विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए देश के 140 करोड़ नागरिकों को अपनी पूर्ण आहुति देने का समय आ गया है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम सिंधिया स्थानीय वैश्य महाविद्यालय के सभागार में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी द्वारा रोपा गया यह पौधा आज वटवृक्ष बनकर लाखों विद्यार्थियों को शिक्षा रूपी छाया प्रदान कर रहा है। महात्मा गांधी ने देशभर में दो संस्थाओं की नींव रखी थी, जिनमें रोहतक की वैश्य शिक्षण संस्था शामिल है।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, राज्यसभा पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, रोहतक के मेयर रामअवतार वाल्मीकि, भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह ढाका, जिला प्रभारी सतेंद्र परमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस सम्मेलन का आयोजन पूर्व मेयर मनमोहन गोयल तथा पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल द्वारा किया गया।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि हरियाणा और विशेष रूप से रोहतक की धरती का देश के इतिहास में विशेष स्थान रहा है। पानीपत की वीर भूमि का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए मराठा वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। सिंधिया परिवार के 16 पूर्वजों ने इस लड़ाई में कुर्बानी दी थी। भारत का इतिहास सहिष्णुता का रहा है, लेकिन देश की सुरक्षा और सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उड़ी सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्यवाहियों ने दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया है कि भारत अपनी एकता और अखंडता अक्षुण्ण रखने के लिए ईंट का जवाब पत्थर से देना जानता है।
केंद्रीय संचार मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सोच में विकास भी है तथा विरासत भी है। देशवासी विदेशी आक्रांताओं के आक्रमणों से अपनी विरासत को भूल गये थे। अब सरकार नागरिकों को अपनी समृद्ध विरासत व प्राचीन संस्कृति से अवगत करवा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को नया जनादेश मिला और भारत के नए युग की शुरुआत हुई। मोदी सरकार ने स्थिरता को अपनी शक्ति और परिवर्तन को अपनी पहचान बनाया है। इन 12 वर्षों में विश्वास, विकास और जनकल्याण की नई गाथा लिखी गई है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी देश के लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बन गये हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने औसतन 7 से 7.5 प्रतिशत की आर्थिक विकास दर दर्ज की है। मोदी सरकार ने राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। केंद्र सरकार ने वन नेशन-वन टैक्स के तहत जीएसटी लागू कर व्यापार को सरल बनाया। वहीं गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण को केंद्र में रखकर अनेक योजनाएं लागू की गईं। अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण भारत की सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। भारत विश्व में आध्यात्मिक रूप से सुदृढ़ हुआ है।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2024 में शपथ ग्रहण के बाद प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की लगभग 20 हजार करोड़ रुपये की राशि 9.26 करोड़ किसानों के खातों में पहुंचाई। प्रधानमंत्री की सोच विश्व व्यापक है। कोविड महामारी के दौरान भारत ने न केवल स्वदेशी दो वैक्सीन विकसित की, बल्कि 130 देशों को करोड़ों वैक्सीन मुफ्त उपलब्ध कराकर मानवता की सेवा का परिचय भी दिया। प्रधानमंत्री के प्रयासों से भारत ने योग को आज विश्व संपदा बना दिया है। भारत आज आर्थिक शक्ति के साथ-साथ आध्यात्मिक नेतृत्व की भूमिका भी निभा रहा है।
विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में अधोसंरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व निवेश किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में चार लाख किलोमीटर से अधिक सडक़ों का निर्माण हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क 1.5 लाख किलोमीटर तक पहुंच चुका है। रेलवे के 99 प्रतिशत ब्रॉडगेज मार्गों का विद्युतीकरण हो चुका है तथा 1400 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। देश में 164 वंदे भारत ट्रेनों का संचालन शुरू हो चुका है। मेट्रो नेटवर्क पांच शहरों से बढक़र 26 शहरों तक पहुंच गया है। वहीं देश में हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढक़र 160 हो गई है।
दूरसंचार क्षेत्र में हुई क्रांति का उल्लेख करते हुए सिंधिया ने कहा कि आज 2.14 लाख ग्राम पंचायतों को भारतनेट से जोड़ा जा चुका है। इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की संख्या 25 करोड़ से बढक़र 103 करोड़ हो गई है। ब्रॉडबैंड कनेक्शन 6 करोड़ से बढक़र 101 करोड़ तक पहुंच चुके हैं। वर्ष 2014 में जहां एक जीबी डेटा की कीमत लगभग 290 रुपये थी, वहीं आज यह घटकर लगभग 8 रुपये मात्र रह गई है। भारत आज दुनिया में सबसे सस्ता डेटा उपलब्ध कराने वाला देश बन चुका है। यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली ने भारत को डिजिटल अर्थव्यवस्था में वैश्विक नेतृत्व प्रदान किया है। आज देश में प्रतिवर्ष लाखों करोड़ रुपये के डिजिटल लेनदेन हो रहे हैं।
गरीब कल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पिछले 12 वर्षों में चार करोड़ से अधिक आवास बनाए गए हैं और अगले पांच वर्षों में पांच करोड़ नए घर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का संकल्प है कि 2029 तक हर गरीब बेघर के सिर पर छत होगी। उज्ज्वला योजना के तहत 12 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए गए हैं।
ज्योतिरादित्य एम सिंधिया ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से 60 करोड़ से अधिक लोगों को पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य सुरक्षा कवच मिला है। जनधन योजना के तहत 55 करोड़ बैंक खाते खोले गए, जिनमें लगभग 70 प्रतिशत खाते महिलाओं के हैं। अब सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो चुकी है। भारत की विरासत गौरवशाली है, वर्तमान उपलब्धियां ऐतिहासिक हैं और भविष्य और भी उज्ज्वल है। विकसित भारत-2047 का संकल्प केवल सरकार का नहीं बल्कि प्रत्येक भारतीय का संकल्प है। सभी नागरिकों को राष्ट्र निर्माण के इस महायज्ञ में अपनी पूर्ण आहुति देनी होगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान देश में अव्यवस्था, भ्रष्टाचार एवं अनिश्चितता की स्थिति थी तथा नौजवान अपने सपनों की उड़ान उडऩा चाहते थे। वर्तमान सरकार ने देश में सुशासन के साथ-साथ पारदर्शी व्यवस्था लागू की है। भाजपा की जिला इकाई द्वारा केंद्रीय मंत्री का मान-सम्मान का प्रतीक पगड़ी एवं शॉल भेंट कर नागरिक अभिनंदन किया गया। अग्रसेन समाज द्वारा भी केंद्रीय मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।
बॉक्स :-
केंद्रीय मंत्री ने वैश्य कॉलेज परिसर पहुंचकर महात्मा गांधी को किया नमन :-
केंद्रीय संचार मंत्री ने वैश्य कॉलेज परिसर पहुंचकर सर्वप्रथम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प व माल्यार्पण कर नमन किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने इस शिक्षण संस्था की नींव रखकर इस क्षेत्र में शिक्षा के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा दिया। आज यह शिक्षण संस्था वट वृक्ष के रूप में विद्यार्थियों को शिक्षा रूपी छाया प्रदान कर रही है। उन्होंने महाविद्यालय परिसर में महात्मा गांधी स्मारक में राष्ट्रपति के जीवन से संबंधित प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने स्मृति स्थल पर पौधारोपण किया।
बॉक्स :-
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण के लिए है कृतसंकल्प :- पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर
पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने गरीब लोगों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1971 में जनसंघ ने रोहतक की लोकसभा सीट पर विजय हासिल की थी। जनसंघ के नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने के लिए बहुत संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि रोहतक में देश का पहला एलिवेटेड रेलवे कॉरिडोर स्थापित किया गया है, जो शहर के बीचों-बीच से गुजरता है। इस कॉरिडोर के बनने से शहरवासियों को पांच रेलवे फाटकों से राहत मिली है। केंद्र व प्रदेश सरकार के विकास कार्यों ने देश व प्रदेश की तस्वीर बदल दी है।
बॉक्स :-
सिंधिया परिवार का हरियाणा के इतिहास से रहा है गहरा संबंध :- पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा
राज्यसभा के पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का स्वागत करते हुए कहा कि सिंधिया परिवार का हरियाणा और विशेष रूप से पानीपत के इतिहास से गहरा संबंध रहा है। पानीपत की तीसरी लड़ाई में अहमद शाह अब्दाली की सेना को आगे बढ़ने से सिंधिया परिवार ने युद्ध करके रोका था तथा अनेक कुर्बानिया दी थी। उन्होंने कहा कि सिंधिया परिवार की राजमाता के आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी का विस्तार हुआ है तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी निरंतर गत 12 वर्ष से जनता की सेवा कर रहे है। उन्होंने कहा कि ज्योतिरादित्य एम सिंधिया प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में संकल्पित कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहे है।
मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी टीम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए निरंतर कार्यरत है तथा वे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनकल्याण के कार्य करवा रहे है।
भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर ढाका ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विकसित भारत संकल्प सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा देश व प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य करवाये जा रहे है। सरकार द्वारा किसान, महिला, युवा व गरीब वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। सरकार द्वारा पारदर्शी तरीके से योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित कर लाभार्थियों तक समय पर पूरा लाभ पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व विधायक सरिता नारायण, मेयर राम अवतार वाल्मीकि, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, प्रदेश सचिव रेणु डाबला, जिला प्रभारी सत्येंद्र परमार, दीपक निवास हुड्डा, महंत सतीश दास, पूर्व उप महापौर राजकमल सहगल, प्रतिभा सुमन, जिला मीडिया प्रभारी पंकज भारद्वाज, प्रधान विकास गोयल, कैप्टन ईश्वर सिंह, अजय खुंडियां, बीर सिंह हुड्डा, नितिन जैन, अजय शर्मा, शीशपाल चौहान, संगीता सिंगला, दीपू नागपाल, सुनील राठौर, रमेश बोहर, वीणा सिक्का, अनीता बुधवार, बबीता सोनी, रानी किराड़, ललित भारद्वाज, परवीन खत्री, विकास पंवार, कुलविंदर सिक्का व भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को देनी होगी अपनी पूर्ण आहुति :- ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया









