×
Chaupal Tv
Latest Update

बीजेपी का संकल्प है महिला को सम्मान और अधिकार देना : कृष्ण कुमार बेदी

चंडीगढ़, 27 अप्रैल – हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि आज नारी शक्ति देश की सभी महत्वपूर्ण इकाइयों को चला रही है। देश के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति पर जहां महामहिम द्रौपदी मुर्मू विराजमान हैं , वहीं देश की वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण मजबूती से अर्थव्यवस्था को संभाल रही हैं।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी आज हरियाणा विधानसभा में एक दिवसीय विशेष सत्र के दौरान नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पक्ष में बोल रहे थे।

श्री बेदी ने कहा कि देश में कांग्रेस की सरकारें जनगणना और परिसीमन के समय सत्ता पर आसीन रही, लेकिन महिला आरक्षण के प्रति  कभी गंभीर नहीं हुईं। आज जब परिसीमन के साथ आरक्षण को जोड़ने की बात हो रही है तो विपक्ष को नुकसान नजर आ रहा है, जबकि इससे कोई नुकसान नहीं होगा।

उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग भ्रूण हत्या  का लाइसेंस देने का समर्थन करते थे, वे आज महिला सम्मान की बात का ढोंग कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी  ने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान की पानीपत से शुरुआत की थी , तब हरियाणा के 21 में से 12 जिलों में कन्याओं का लिंगानुपात बहुत ही दयनीय स्थिति में था। उस वक्त 1000 लड़कों की तुलना में केवल 822 लड़कियां थीं। ऐसे संकट के समय में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने राज्य से कन्या भ्रूण हत्या का कलंक मिटाने का काम किया और बेटी बचाओ , बेटी पढ़ाओं का नारा देकर जागरूकता फैलाई।

श्री बेदी ने कहा कि जब प्रधानमंत्री  ने महिलाओं की सुरक्षा की बात की, तब भी कांग्रेस ने समर्थन नहीं दिया। हमारी सरकार ने महिलाओं के लिए बाल्यावस्था से ही शिक्षा और स्वास्थ्य का प्रबंध किया है। हरियाणा में लड़कियों को ग्रेजुएशन तक फ्री शिक्षा दी जा रही है, लेकिन विपक्ष केवल राजनीति कर रहा है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा “विपक्ष हमेशा ‘किसान-किसान’ कर रहा है, जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने एमएसपी पर किसानों की 24 फसलें खरीदने का ऐतिहासिक कार्य किया है। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया है। इसके अलावा ‘हर घर जल’ योजना से हर घर में नल पहुंचाया और महिलाओं की सुरक्षा के लिए घरों में शौचालय बनाकर उन्हें सम्मान दिया है।

उन्होंने कहा कि  प्रधानमंत्री लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देंगे  और बाद में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी हरियाणा विधानसभा में भी इसे लागू करेंगे।

उन्होंने कहा कि जब महिला आरक्षण बिल गिरा तो विपक्ष लड्डू बांट रहा था और ढोल बजा रहा था। अगर जब प्रधानमंत्री ने कन्या भ्रूण हत्या का कलंक मिटाने का काम किया तब लड्डू बांटते तो देश एवं समाज के लिए बेहतर होता। आने वाले समय में देश की महिलाएं विपक्ष को उनका वजूद बता देंगी। विपक्ष केवल कुर्सी के लिए तड़प रहा है।

श्री बेदी ने कहा कि जब वीर सैनिकों ने पाकिस्तान में जाकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया, तब भी विपक्ष ने शक जाहिर किया। आज विपक्ष दिखावे के तौर पर विधानसभा परिसर के बाहर समानांतर विधानसभा चलाने का झूठा दिखावा कर रहा है। उन्हें खुशी होती अगर वे भी साथ में इसी सदन में रहते। उन्होंने कहा कि नारी को अधिकार दिलाना और सशक्त करना भाजपा का संकल्प है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि जब देश में यूपीआई शुरू हुआ तब भी विपक्ष ने इसका विरोध किया था। आज जनता सबसे ज्यादा यूपीआई का उपयोग  कर रही है।  उन्होंने कहा कि देश की जनता अगले लोकसभा चुनाव में विपक्ष को 100 सदस्यों का आंकड़ा भी पार नहीं करने देगी।

उन्होंने लोकसभा में “नारी शक्ति अधिनियम” गिरने पर विपक्ष की निंदा की और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा लाये गए प्रस्ताव का समर्थन किया। 

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।