×
Chaupal Tv
Latest Update

समाधान शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त ने जनसमस्याओं का किया निदान

हिसार, 21 मई।
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों की शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार और वीरवार को 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में वीरवार को लघु सचिवालय परिसर स्थित जिला सभागार में समाधान शिविर के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने नागरिकों की समस्याओं को सुना।


समाधान शिविर में ग्राम पंचायत साबरवास के सरपंच द्वारा गांव के एक किसान की स्वास्थ्य परिस्थितियों के मद्देनजर इलाज व दवाइयों के लिए पेंशन शुरू करने की मांग पर अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारी को इस मामले पर आगामी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। गांव सदलपुर सरपंच द्वारा पंचायती जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला राजस्व अधिकारी को जमीन की पैमाइश कर कब्जा हटवाने की हिदायत दी। गांव जुगलान के निवासियों द्वारा गांव की कई ढाणियों में बिजली की सप्लाई से जुड़ी समस्याओं की शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को जल्द से जल्द ग्रामीणों की समस्या का निदान करने की हिदायत दी। गांव गंगवा में राजगढ़ रोड़ पर स्थित विद्या भारती पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल द्वारा स्कूल के साथ लगते वाटर वर्क्स के प्रांगण में स्थित पेड़-पौधों के कारण स्कूल की दीवार गिरने की आशंका के मद्देनजर पेड़ों की कटाई छंटाई की मांग पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को मामले पर संज्ञान लेते हुए आगामी कार्यवाही करने को कहा गया। इसी प्रकार एक अन्य शिकायत में शांति नगर निवासियों ने कॉलोनी के अंदर जलभराव के कारण हो रही समस्याओं की शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त ने जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को नागरिकों की समक्ष आ रही समस्याओं का स्थाली हल करने के निर्देश दिए।


समाधान शिविर में नगराधीश सुभाष चंद्र, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह, एएमसी प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।