चंडीगढ़, 24 अगस्त – कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग, हरियाणा द्वारा 2 सितंबर, 2026 को प्रातः 10:00 बजे मल्टी आर्ट कल्चर सेंटर, हरियाणा कला परिषद, कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय बीन दलों की प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य हरियाणा की समृद्ध लोक कला एवं लोक संगीत परंपराओं को बढ़ावा देना तथा बीन वादन से जुड़े कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करना है।
विभाग द्वारा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता दलों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ-साथ पांच सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार के रूप में 75,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 60,000 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 50,000 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, पांच सांत्वना पुरस्कार प्रत्येक 10,000 रुपये की राशि के होंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए निर्धारित मापदंडों के अनुसार प्रतिभागियों का हरियाणा का मूल निवासी होना अनिवार्य है तथा उन्हें आधार कार्ड साथ लाना होगा। प्रत्येक दल में 8 से 10 कलाकार होना आवश्यक है, जिनमें कम से कम 3 से 4 बीन वादक शामिल होने चाहिए। प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुति हरियाणवी लोक परिधान में देना अनिवार्य होगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले दलों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता अथवा दैनिक भत्ता प्रदान नहीं किया जाएगा। प्रतियोगिता के संबंध में निर्णायक मंडल का निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा।
कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग ने बीन वादन से जुड़े कलाकारों एवं दलों से इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर हरियाणा की लोक संगीत परंपरा को समृद्ध बनाने का आह्वान किया है।








