झज्जर, 21 मई। जिला मुख्यालय स्थित लघु सचिवालय सभागार में गुरुवार को आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में डीसी वर्षा खांगवाल ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी 8 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर डीसीपी शुभम सिंह भी उपस्थित थे।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि समाधान शिविर जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच है। राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय सहित बहादुरगढ़, बेरी और बादली उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान हेतु एक ही मंच पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें तथा शिकायतों के समाधान की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि नागरिकों को समयबद्ध राहत प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की सुविधा और सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रहा है। समाधान शिविरों के माध्यम से प्रशासनिक सेवाओं को अधिक जवाबदेह व पारदर्शी बनाया जा रहा है, ताकि प्रत्येक नागरिक को सहज एवं प्रभावी प्रशासनिक सहयोग प्राप्त हो सके।
गुरुवार को जिला मुख्यालय के अलावा बहादुरगढ़, बेरी और बादली उपमंडल स्तर पर भी अधिकारियों द्वारा समाधान शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याएं सुनी गईं तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इन विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, सीएमजीजीए खुशी कौशल,एसडीएम रवि मीणा,सीईओ जिला परिषद मनीष फौगाट, सीटीएम रितु बंसीवाल,डीआरओ मनवीर सिंह, डीडीपीओ निशा तंवर, उपनिदेशक अमित पंवार, सिविल सर्जन डॉ मंजू कादयान,एमिनेंट पर्सन सुरेंद्र शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।









