×
Chaupal Tv
Haryana

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में राजनीतिक दलों की भूमिका अहम : एसडीएम राजेंद्र कुमार

सिरसा, 31 जुलाई।
सिरसा विधानसभा क्षेत्र (45) के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम राजेंद्र कुमार ने शुक्रवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक लेकर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
एसडीएम राजेंद्र कुमार ने बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने बूथ स्तर के अभिकर्ताओं (बीएलए) के माध्यम से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा अपात्र अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के संबंध में समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि मतदाता सूची अधिक शुद्ध एवं पारदर्शी बन सके। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूचियों का प्रकाशन कर दिया गया है। इन सूचियों पर 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाई जा सकती हैं। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को होगा।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जा रहा है। सभी राजनीतिक दल आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपत्ति अथवा सुझाव निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर प्रस्तुत किए जाएं।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रक्रिया, समय-सारणी एवं विभिन्न प्रपत्रों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उनसे अभियान के दौरान निर्वाचन कार्यालय के साथ समन्वय बनाए रखने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया गया।
बैठक में चुनाव कानूनगो रीना व विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तरुण गुलाटी, राज कुमार सिंह, भूराराम, प्रेम राठी, ओम प्रकाश, कुलदीप, संजय नायक, हंसराज सामा, डा. सुकेश अरोड़ा मौजूद रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।