हिसार, 21 मई।
अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने स्वयं सहायता समूहों एवं एफपीओ द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की बिक्री बढ़ाने तथा उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों और एफपीओ को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार एवं जिला प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। जिले में बड़ी संख्या में महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुडक़र जूट बैग, ऑर्गेनिक मसाले, बेकरी उत्पाद तथा सजावटी सामान जैसे हस्तनिर्मित उत्पाद तैयार कर रही हैं। इन उत्पादों को बाजार उपलब्ध करवाने के लिए नाबार्ड द्वारा ग्रामीण हाट और सरस मेलों के माध्यम से बेहतर मंच प्रदान किया जा रहा है। अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री के लिए जल्द से जल्द उपयुक्त स्थान चिन्हित कर आउटलेट स्थापित किए जाएं। उन्होंने कहा कि आउटलेट ऐसे स्थानों पर बनाए जाएं जहां आमजन की आवाजाही अधिक हो, ताकि उत्पादों की बिक्री में बढ़ोतरी हो सके।
अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की ब्रांडिंग, मार्केटिंग और बिक्री को बढ़ावा देने के लिए सभी आवश्यक कदम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि ग्रामीण महिलाओं की आय में वृद्धि हो और उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिले।
इस अवसर पर नाबार्ड डीडीएम राकेश राणा, सीएमजीजीए अनमोल, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक धर्मपाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









