×
Chaupal Tv
Latest Update

निपुण हरियाणा मिशन की प्रगति की समीक्षा, विद्यालय भ्रमण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

हिसार, 21 मई।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी राम रतन की अध्यक्षता में जिला परियोजना कार्यान्वयन इकाई हिसार की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निपुण हरियाणा मिशन एवं सीआरपी कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मेंटर्स एवं क्लस्टर मुखियाओं द्वारा विद्यालय भ्रमण पूर्ण नहीं किया गया है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चेतावनी पत्र जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार एवं विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने के लिए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। बैठक में सभी खंडों को विद्यालय गोद लेने संबंधी गतिविधियों एवं किए गए प्रयासों की रिपोर्ट निर्धारित समयावधि में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त प्रत्येक ब्लॉक से 10 उत्कृष्ट बेस्ट प्रैक्टिस वीडियो जिला स्तर पर साझा करने तथा कक्षा तत्परता कार्यक्रम में सराहनीय कार्य करने वाले 10 अध्यापकों के नाम उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए गए। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विद्यार्थियों को गृह कार्य देना सुनिश्चित किया जाए तथा विभागीय कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि निपुण हरियाणा मिशन के उद्देश्यों की प्रभावी पूर्ति सुनिश्चित हो सके।


बैठक के दौरान स्किल पासबुक अपलोडिंग, विद्यालय भ्रमण प्रोटोकॉल की अनुपालना, कमजोर दक्षताओं की पहचान एवं सुधारात्मक कार्ययोजना तैयार करने, अधिक ड्रॉपआउट दर वाले विद्यालयों की सूची तैयार करने तथा अध्यापकों की डैशबोर्ड पर उचित कक्षा आवंटन सुनिश्चित करने संबंधी विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिला समन्वयक प्रमोद कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा कक्षा तत्परता कार्यक्रम की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसके सकारात्मक परिणाम प्राप्त होंगे।


इस अवसर पर डाइट प्राचार्य नरेंद्र शर्मा, डीपीसी विजेंद्र सिंह, उप जिला शिक्षा अधिकारी अमनदीप, जिला समन्वयक प्रमोद कुमार, एसपीआईयू सदस्य अनुभव, डाइट फैकल्टी धुपेंद्र एवं अनिल बूरा सहित सभी खंड शिक्षा अधिकारी एवं ब्लॉक एफएलएन समन्वयक उपस्थित रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।