उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत जिले में मतदाता सूची के पुनरीक्षण एवं डिजिटलीकरण का कार्य लगातार गति पकड़ रहा है। लगातार हो रही वर्षा के बावजूद निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ मैदान में डटे हुए हैं और घर-घर जाकर नागरिकों से संपर्क स्थापित कर अभियान को सफल बनाने में जुटे हैं।
इसी क्रम में सुपरवाइजर प्रियंका सांगवान अपनी बीएलओ टीम के साथ विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों के बावजूद लगातार फील्ड में कार्य कर रही हैं। टीम घर-घर जाकर नागरिकों को एसआईआर-2026 अभियान की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाने, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराने तथा फॉर्म समय पर जमा करवाने में सक्रिय सहयोग प्रदान कर रही है। बारिश के बीच भी टीम की कार्यशैली यह संदेश दे रही है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने के लिए समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
जिला प्रशासन ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे समर्पित अधिकारी एवं कर्मचारी, जो विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, वे अन्य कार्मिकों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।









