भिवानी, 15 जुलाई। एनएसयूआई भिवानी द्वारा चलाए जा रहे छात्रों की गूंज अभियान के अंतर्गत आज जिला अध्यक्ष मनजीत लांग्यान की अध्यक्षता में जिलेभर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 17 जुलाई को हरियाणा के जींद में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के दौरान विद्यार्थियों की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अभियान के दौरान भिवानी जिले के विभिन्न विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों से प्राप्त सुझावों, शिकायतों एवं मांगों को संकलित कर तैयार किया गया ज्ञापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपने का प्रयास किया जाएगा।
इस संबंध में उपायुक्त, भिवानी, अतिरिक्त उपायुक्त, भिवानी तथा प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को ई-मेल के माध्यम से पत्र भेजकर नियमानुसार आवश्यक अनुमति एवं प्रशासनिक सहयोग का अनुरोध भी किया गया है। पत्र में अनुरोध किया गया है कि यदि सुरक्षा अथवा प्रशासनिक कारणों से प्रत्यक्ष रूप से ज्ञापन सौंपना संभव न हो, तो उक्त ज्ञापन को विधिवत प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि ज्ञापन में निम्नलिखित प्रमुख मांगें शामिल रहेंगी—2026 नीट परीक्षा से जुड़े पेपर लीक एवं अन्य अनियमितताओं की निष्पक्ष, समयबद्ध एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, राष्ट्रीय स्तर की सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पूर्णत: सुरक्षित, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित पेपर लीक फ्री एग्जामिनेशन सिस्टम लागू किया जाए, परीक्षा प्रणाली में हुई गंभीर प्रशासनिक विफलताओं की नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लिया जाए, हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (नीट-2026) में हुई अनियमितताओं की उच्च स्तरीय स्वतंत्र जांच कराई जाए तथा प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय सुनिश्चित किया जाए, भिवानी जिले के अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के पात्र एवं विद्यार्थियों की वर्षों से लंबित छात्रवृत्ति का तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा छात्रवृत्ति वितरण के लिए समयबद्ध एवं पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाए, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर विद्यार्थियों की शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु प्रभावी स्थापित किया जाए, भिवानी जिले के सरकारी शिक्षण संस्थानों में रिक्त शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय पदों पर शीघ्र नियुक्तियां की जाए तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक सुधार लागू किए जाएं।
बैठक को संबोधित करते हुए मनजीत लांग्यान ने कहा कि छात्रों की गूंज अभियान किसी एक संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की वास्तविक समस्याओं को देश के सर्वोच्च नेतृत्व तक पहुंचाने का माध्यम है। हमारा उद्देश्य पूर्णत: लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से विद्यार्थियों की आवाज़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचाना है। इसलिए हमने प्रशासन से आवश्यक अनुमति एवं सहयोग का अनुरोध किया है। हमें विश्वास है कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन भी सकारात्मक सहयोग करेगा और प्रधानमंत्री भी इन मांगों पर गंभीरता से विचार करेंगे। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई विद्यार्थियों के हितों से जुड़े हर मुद्दे पर संघर्ष करती रही है और आगे भी उनकी आवाज़ को मजबूती के साथ उठाती रहेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद दौरे को लेकर एनएसयूआई की जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न









