महम, 26 जुलाई। सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार पारदर्शी और ईमानदार व्यवस्था के साथ युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार उपलब्ध करा रही है। आज प्रदेश में बिना किसी पर्ची और बिना किसी खर्ची के योग्य युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है, जिससे प्रतिभाशाली युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और प्रदेश में सुशासन की नई पहचान बनी है।
रविवार को सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने महाराजा दक्ष प्रजापति युवा संगठन द्वारा कुम्हार धर्मशाला में श्री दक्ष प्रजापति जयंती समारोह एवं विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने वर्तमान शैक्षणिक वर्ष में दसवीं, बारहवीं, स्नातक एवं स्नातकोत्तर परीक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले तथा नीट परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि महाराजा दक्ष प्रजापति का जीवन कर्म, अनुशासन, संगठन और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का संदेश देता है। उनके आदर्श आज भी समाज को एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंती केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं होती, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेने का भी अवसर होती है। उन्होंने कहा कि हर माता-पिता की सबसे बड़ी पूंजी उनकी संतान होती है। यदि अभिभावक अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा, अच्छे संस्कार और सकारात्मक वातावरण देंगे, तो वही बच्चे भविष्य में परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और निरंतर सीखने की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी ताकत है।
सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने युवाओं से आह्वान किया कि वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पूरी मेहनत और लगन से करें, क्योंकि वर्तमान सरकार में प्रतिभा और योग्यता का पूरा सम्मान हो रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षित और सक्षम युवा ही विकसित हरियाणा और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद रामचन्द्र जांगड़ा, दीपक निवास हुड्डा, सत्यव्रत मालवाल, सन्दीप प्रजापति, समिति प्रधान धर्मबीर दुरहान, कृष्ण पंवार, रामावतार ददरवाल, लीलूराम बेडवा समेत बड़ी संख्या में मौजिज उपस्थित रहे।









