सिरसा, 11 जुलाई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विश्व जनसंख्या दिवस पर नागरिक अस्पताल के सहयोग से कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संतोष बागोतिया ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य जनसंख्या स्थिरीकरण, परिवार नियोजन और स्वास्थ्य अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करना था। शिविर में एडवोकेट रमेश बिश्नोई और पीएलवी विनोद कुमार ने लोगों को परिवार नियोजन सेवाओं, महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े कानूनी संरक्षण और नालसा के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस वर्ष की थीम “युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को साकार करना – आज और भविष्य के लिए” रखी गई है, जिसके तहत बढ़ती आबादी के बीच स्वास्थ्य, शिक्षा और संसाधनों के सही संतुलन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।








