सिरसा। ग्राम पंचायत शेरपुरा और मगन उड़ान वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में शेरपुरा गांव के खेल मैदान में “खो-खो नर्सरी खेल किट वितरण समारोह” का गरिमामय आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 100 उदीयमान बाल खिलाड़ियों को खेल किट प्रदान की गईं। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य मनीष सिंगला व उनके पुत्र लक्ष्य सिंघल ने बच्चों को खेल किट वितरित की और उनका हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मनीष सिंगला ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सही अवसर और संसाधन देना बेहद आवश्यक है। मगन उड़ान वेलफेयर सोसाइटी और ग्राम पंचायत शेरपुरा का यह प्रयास सराहनीय है, जिससे युवाओं और बच्चों में खेलों के प्रति रुझान बढ़ेगा। इस पवित्र कार्य में सहयोग करने और 100 बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने का सौभाग्य मिलना हमारे लिए अत्यंत गर्व की बात है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने मगन उड़ान वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों एवं ग्राम पंचायत शेरपुरा के प्रतिनिधियों का इस सम्मानजनक निमंत्रण और भव्य आयोजन के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि, मगन उड़ान वेलफेयर सोसाइटी के सदस्य, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। खेल किट पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। इस मौके पर निजी सचिव हरपिंदर शर्मा, योगेश बिजारनिया इत्यादि मौजूद थे।









