×
Chaupal Tv
Haryana

सीएम विंडो पर लंबित शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

हिसार, 10 जुलाई।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सीएम विंडो पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का तथ्यों के आधार पर गंभीरता से परीक्षण किया जाए तथा निर्धारित समयावधि के भीतर उसका समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। शिकायतों का निपटारा करते समय यह सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता को संतोषजनक एवं तथ्यात्मक उत्तर उपलब्ध कराया जाए।
हरियाणा सरकार के मानव संसाधन विभाग तथा सामान्य प्रशासन विभाग के आयुक्त एवं सचिव मुख्य कार्यकारी अधिकारी फूल चंद मीणा की अध्यक्षता में शुक्रवार को सीएम विंडो की साप्ताहिक समीक्षा बैठक के उपरांत उन्होंने जिले के विभागाध्यक्षों को यह बात कही। बैठक में सीएम विंडो पर लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि सीएम विंडों के समाधान के लिए स्थापित पोर्टल पर हिसार का ऑवर ऑल कम्पोजिट स्कोर 70 है, इसे बढ़ाने की दिशा में सभी अधिकारी गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी विभागाध्यक्ष ने शिकायतों को अंडरटेक करने में लापरवाही की तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। इसी प्रकार से ओवरड्यू शिकायतों के तुरंत निपटान की भी हिदायत दी गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता है कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो तथा शासन-प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत हो। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए उनका शीघ्र निस्तारण करें। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित लंबित शिकायतों की स्थिति से अवगत कराया। समीक्षा के दौरान लंबित मामलों में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा में उनका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, हिसार एसडीएम ज्योति मित्तल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार, नगर निगम अतिरिक्त आयुक्त प्रदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।