×
Chaupal Tv
Haryana

संत निरंकारी भवन में भव्य ‘निरंकारी महिला समागम’ का आयोजन

सिरसा। निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज के पावन निर्देशों के मार्गदर्शन में बरनाला रोड स्थित संत निरंकारी भवन में एक विशेष ‘निरंकारी महिला समागम’ का भव्य आयोजन किया गया। यह समागम महिलाओं में आध्यात्मिकता, मानवीय मूल्यों, सामाजिक समरसता और आपसी प्रेम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। इस अवसर पर मंच पर सतगुरु स्वरूप परम बहन संजना मोंगा मुख्य अतिथि के रूप में विराजमान रहीं, जिनकी पावन उपस्थिति ने संपूर्ण वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। समागम में सिरसा शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों नटार, दड़बी, सालारपुर, बेगू, झोरड़नाली, केलनिया, सहारणी, भंभूर, नेज़ाडेला खुर्द,अहमदपुर इत्यादि गांवों से भारी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। शाखा सिरसा के संयोजक जसविंदर कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संत निरंकारी मिशन का यह दृढ़ विश्वास है कि एक आध्यात्मिक रूप से जागृत महिला में पूरे परिवार और समाज के उत्थान की शक्ति होती है। आज समाज में पुरुषों और महिलाओं के बीच अनेक प्रकार के भेदभाव देखने को मिलते हैं, लेकिन सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने हमें ब्रह्मज्ञान देकर यह स्पष्ट किया है कि नर और नारी दोनों समान हैं। हमारी आत्मा उस निराकार ईश्वर (निरंकार) का ही अंश है और यह आत्मा सभी में एक समान है। ईश्वर की दृष्टि में कोई भेद नहीं है, इसलिए समाज में लिंग के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होना चाहिए। समागम के दौरान उपस्थित महिला श्रद्धालुओं ने गीत, विचारों और कविताओं के माध्यम से सतगुरु माता जी द्वारा दिए जा रहे प्रेम, नम्रता, सहनशीलता और महिला सशक्तिकरण के संदेश को संगत के समक्ष रखा। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि निरंकारी मिशन महिलाओं को समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक आगे बढ़ाने के लिए सदैव प्रयासरत है।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना और गुरु के अटूट लंगर के साथ हुआ, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रेमपूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।
खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।