गुरुग्राम, 27 अप्रैल।
जिला प्रशासन और नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) टीम की आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार को एक नई एम्बुलेंस प्रशासन को भेंट की गई। सीएफआई चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से लघु सचिवालय में दोपहर 1 बजे आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में एसडीएम गुरुग्राम हितेन्द्र कुमार ने इसे प्राप्त किया।
एसडीएम हितेन्द्र कुमार ने सीएफआई चैरिटेबल ट्रस्ट के इस सराहनीय सामाजिक योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह एम्बुलेंस गुरुग्राम में नागरिक सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि यह वाहन सिविल डिफेंस टीम के लिए राहत एवं बचाव कार्यों में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा, जिससे दुर्घटनाओं, प्राकृतिक आपदाओं तथा अन्य आपात परिस्थितियों में प्रभावित लोगों तक त्वरित चिकित्सा सहायता पहुंचाना संभव हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस एम्बुलेंस के माध्यम से प्राथमिक उपचार, मरीजों को अस्पताल तक शीघ्र पहुंचाने और संकट की घड़ी में जीवन रक्षक सेवाएं देने में काफी सहायता मिलेगी। साथ ही, इससे प्रशासन की आपदा प्रबंधन क्षमता भी मजबूत होगी और नागरिकों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
कार्यक्रम में सीटीएम ज्योति नागपाल, सिविल डिफेंस की डिप्टी कंट्रोलर सृष्टि और कार्यालय स्टाफ से बीर सिंह, धीरज कुमार एवं सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन मोहित शर्मा, सीएफआई चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से ट्रस्ट की बोर्ड मेंबर डॉ. प्रीति नैयर, लोकल कोऑर्डिनेटर रंजन दास और अर्पिता सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।









