झज्जर, 15 जुलाई।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि आगामी 17 जुलाई को जींद में प्रस्तावित प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित हरियाणा-विकसित भारत कार्यक्रम के अवसर पर झज्जर सहित प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। झज्जर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन राजकीय पीजी नेहरू कॉलेज में किया जाएगा, जहां प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर सभी अधिकारी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करें।
डीसी ने यह निर्देश बुधवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जींद – सोनीपत रेलखंड पर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन सेट परियोजना का शुभारंभ करेंगे। यह परियोजना भारतीय रेल को स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन प्रणाली की दिशा में आगे ले जाने के साथ साथ विकसित भारत ,ग्रीन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को को नई मजबूती प्रदान करेगी। आज विकसित हरियाणा-विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में आमजन की भागीदारी महत्वपूर्ण है और यह कार्यक्रम जनसहभागिता का एक सशक्त माध्यम बनेगा।
सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा प्रबंधन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय से पूर्व सभी तैयारियां पूरी करें।
झज्जर जिला मुख्यालय पर होगा लाइव प्रसारण
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि झज्जर जिला मुख्यालय स्थित राजकीय पीजी नेहरू कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक भागीदारी करेंगे और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के संबोधन को सीधे सुन सकेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
कार्यक्रम में आमजन की रहेगी उल्लेखनीय भागीदारी
डीसी ने बताया कि कार्यक्रम को पूरी तरह इको फ्रेंडली स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, आशा वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, लाडो लक्ष्मी योजना के पात्र लाभार्थी, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े नागरिक सक्रिय सहभागिता करेंगे।
यह अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मीकि,एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, सीईओ जिला परिषद मनीष कुमार फोगाट, सीटीएम रितु,एसीपी अखिल कुमार, कालेज प्राचार्य डॉ दलवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों के साथ लिया कार्यक्रम स्थल का जायजा, दिए जरूरी निर्देश









