×
Chaupal Tv
Haryana

डीसी वर्षा खांगवाल ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

झज्जर, 16 जुलाई।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि विकसित भारत-विकसित हरियाणा अभियान के अंतर्गत शुक्रवार 17 जुलाई को जिला मुख्यालय स्थित राजकीय पीजी नेहरू कॉलेज में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम केंद्र एवं राज्य सरकार की विकासोन्मुखी योजनाओं, जनकल्याणकारी पहलों तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगा। कार्यक्रम में हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जींद में आयोजित ऐतिहासिक कार्यक्रम एवं संबोधन का वर्चुअल प्रसारण होगा। इसके माध्यम से जिला के नागरिक प्रधानमंत्री के संबोधन को सीधे सुन सकेंगे तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विकास परियोजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत होंगे।
कार्यक्रम में बहादुरगढ़ से विधायक  राजेश जून,पूर्व मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय सचिव औमप्रकाश धनखड़, जिला परिषद झज्जर के चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना, भाजपा के वरिष्ठ नेता दिनेश कौशिक व  संजय कबलाना, हरियाणा हाउसफेड के चेयरमैन  सुभाष बंसल व भाजपा जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
गुरुवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने के उपरांत डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की तथा प्रत्येक व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामयी आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करें।
डीसी ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जींद-सोनीपत रेलखंड पर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेनसेट परियोजना का शुभारंभ करेंगे। यह परियोजना भारतीय रेल के इतिहास में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा आधारित परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ विकसित भारत, ग्रीन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक आधारभूत ढांचे के निर्माण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता इस परियोजना के माध्यम से और अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि विकसित हरियाणा-विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकारी प्रयासों से ही नहीं बल्कि जनसहभागिता से ही साकार होगा। ऐसे कार्यक्रम समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास यात्रा से जोड़ने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बनते हैं।
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग, बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, मंच प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, यातायात प्रबंधन तथा अन्य सभी मूलभूत सुविधाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखा जाए।
झज्जर जिला मुख्यालय पर होगा  कार्यक्रम लाइव प्रसारण
डीसी ने बताया कि राजकीय पीजी नेहरू कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, तथा आम नागरिक भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा, जिससे उपस्थित लोग विकास से जुड़े महत्वपूर्ण संदेशों एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में आमजन की रहेगी सक्रिय भागीदारी
डीसी ने बताया कि कार्यक्रम को इको-फ्रेंडली स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, आशा वर्कर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, लाडो लक्ष्मी योजना के पात्र लाभार्थी, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े नागरिक सक्रिय भागीदारी करेंगे। इसके अलावा युवाओं, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रहेगी, जिससे कार्यक्रम जनभागीदारी का एक सशक्त उदाहरण बनेगा।
यह अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मीकि, जिला प्रभारी हरविंदर कोहली,कोषाध्यक्ष हरिप्रकाश यादव,एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर रवि मीणा, सीईओ जिला परिषद मनीष कुमार फौगाट, सीटीएम रितु सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।