बहादुरगढ़, 29 अप्रैल।
भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बहादुरगढ़ में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण 27 अप्रैल से प्रारंभ हुआ था, जिसमें संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान असिस्टेंट प्रोफेसर मोहित कुमार एवं अरुण कुमार द्वारा प्रतिभागियों को मकान सूचीकरण एवं जनगणना कार्य से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को गणना कार्य की बारीकियों से अवगत कराते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी, निष्पक्षता एवं सावधानी के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या से संबंधित सटीक आंकड़े प्राप्त होते हैं। इन आंकड़ों के आधार पर विभिन्न विकास योजनाओं का निर्माण एवं क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाता है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रशिक्षण के उपरांत सभी कार्मिक फील्ड में बेहतर ढंग से कार्य करते हुए जनगणना-2027 को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।









