×
Chaupal Tv
Haryana

हरियाणा स्वच्छता सप्ताह के तहत ग्राम स्तर पर आयोजित की जा रही है स्वच्छता गतिविधियां: एडीसी

सिरसा, 15 जुलाई।
हरियाणा ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 20 जुलाई तक हरियाणा स्वच्छता सप्ताह-2026 मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देना तथा स्वच्छता गतिविधियों में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने बताया कि अभियान के दौरान सरपंच, वार्ड सदस्य, ग्राम सचिव, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूह, सफाई कर्मी, विद्यालयों के अध्यापक, युवा क्लब तथा गांव के स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता संकल्प एवं घर-घर दस्तक अभियान के माध्यम से ग्राम पंचायतों और विद्यालयों में स्वच्छता शपथ समारोह आयोजित किए जाएंगे तथा कचरा पृथक्करण के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा ग्राम सभाओं का आयोजन, विद्यालयों में पोस्टर मेकिंग, क्विज, निबंध प्रतियोगिताएं एवं अन्य जागरूकता गतिविधियां भी कराई जाएंगी।
एडीसी ने बताया कि सेग्रीगेशन से समृद्धि थीम के तहत हरे (गीला कचरा), नीले (सूखा कचरा), लाल (सैनिटरी कचरा) और काले (खतरनाक कचरा) रंग के डस्टबिनों के माध्यम से चार-तरफा स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं प्लास्टिक मुक्त गांव एवं साफ बाजार अभियान के अंतर्गत सिंगल-यूज प्लास्टिक संग्रहण अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि श्रमदान से स्वच्छता अभियान के तहत ग्रामीण सामुदायिक श्रमदान के माध्यम से नालियों, तालाबों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई की जाएगी। अभियान के अंतिम दिन जनभागीदारी एवं स्वच्छता सम्मान कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें गांवव्यापी सफाई अभियान चलाकर चिन्हित कूड़ा संवेदनशील स्थलों (गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स) को स्वच्छ सामुदायिक स्थलों में विकसित किया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता चौंपियनों, सफाई कर्मियों, विद्यालयों तथा स्वयं सहायता समूहों को सम्मानित भी किया जाएगा।
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों में कचरा पृथक्करण, संग्रहण और अपशिष्ट प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था को व्यवहारिक रूप से लागू करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक घर तक पहुंच बनाकर चार-तरफा कचरा पृथक्करण की व्यवस्था को शत-प्रतिशत लागू कराया जाए, ताकि स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्रामीण वातावरण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।
फाइल फोटो : अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।