मंडल रोजगार कार्यालय, फरीदाबाद द्वारा 20 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक व्यावसायिक मार्गदर्शन सप्ताह के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में करियर सेमिनारों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
यह सेमिनार राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एवं राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एनआईटी-5, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सिकरोना, ओल्ड फरीदाबाद, बड़खल तथा बल्लभगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों के विद्यालयों और तकनीकी शिक्षण संस्थानों में आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सेमिनार के दौरान रोजगार अधिकारी डॉ. नेहा सिंह ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण, सरकारी नौकरियों की तैयारी की प्रभावी रणनीतियों तथा स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मसंधान, आत्मप्रोत्साहन और सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि सही दिशा में निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है।
इस अवसर पर स्नेहा अदलखा, यंग प्रोफेशनल (एमसीसी) तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य सतीश कुमार ने भी विद्यार्थियों को उनके करियर चयन, कौशल विकास, रोजगारपरक शिक्षा तथा भविष्य की चुनौतियों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने और समयबद्ध तैयारी करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के अंत में मंडल रोजगार कार्यालय, फरीदाबाद ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस प्रकार के मार्गदर्शन कार्यक्रम युवाओं को सही करियर चुनने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।









