बरवाला, 30 जुलाई।
लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने वीरवार को बरवाला स्थित मदन लाल ढींगड़ा पार्क में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा के लिए पौधारोपण सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल का संकल्प भी लेना चाहिए।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है। वृक्ष न केवल हमें स्वच्छ वायु प्रदान करते हैं, बल्कि वर्षा चक्र को संतुलित रखने, भूजल संरक्षण और जैव विविधता को सुरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए विभिन्न स्तरों पर व्यापक अभियान चला रही है और मानसून के दौरान बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जा रहा है।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि पौधारोपण को केवल सरकारी कार्यक्रम न समझें, बल्कि इसे जन आंदोलन बनाएं। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक-एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
इस अवसर पर चेयरमैन रमेश चंद्र बैटरी वाला, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।









