×
Chaupal Tv
Haryana

पंजाब के फगवाड़ा में रक्तदान शिविर एवं एम्बुलेंस का किया लोकार्पण

चंडीगढ़,26 जुलाई। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब में आप पार्टी की सरकार पर युवाओं के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हाल ही में पंजाब में एक्साइज इंस्पेक्टर के परीक्षा परिणाम में भारी गड़बड़ी हुई है, पास हुए युवाओं के नाम अजीबोग़रीब हैं। इसके साथ ही अन्य प्रकार की गड़बड़ियां सामने आई है। यही नहीं चार दिन पहले पंजाब सरकार द्वारा आयोजित फार्मेसी का पेपर भी लीक हुआ है जो कि आप पार्टी की सरकार का प्रतिभावान युवाओं के साथ धोखा है।

श्री नायब सिंह सैनी रविवार को पंजाब के फगवाड़ा में आयोजित रक्तदान शिविर एवं एम्बुलेंस के लोकार्पण कार्यक्रम में सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री विजय सांपला, राज्यसभा सांसद श्री अशोक मित्तल, संत गुरचरण सिंह पांडवा के अलावा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम के आयोजक “सांपला फाउंडेशन” तथा “नव्या हेल्पिंग हैंड्स” की सेवाभावना की सराहना करते हुए कहा कि इन्होंने सेवा को अपना मिशन बनाया है। समाज में ऐसे संगठनों की संख्या जितनी बढ़ेगी, हमारा देश उतना ही मजबूत बनेगा। उन्होंने मासूम बेटी नव्या को असमय खो देने की गहरी पीड़ा व्यक्त करते हुए उनके परिवार द्वारा उसकी याद में की जा रही सेवा की विराट साधना को नमन किया।

उन्होंने युवाओं को रक्तदान करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि रक्त की कोई फैक्टरी नहीं होती। इसे किसी मशीन में तैयार नहीं किया जा सकता। विज्ञान ने बहुत प्रगति की है, लेकिन रक्त का निर्माण केवल मानव शरीर में होता है। जरूरतमंद तक यह तभी पहुंचता है, जब कोई रक्तदान करता है।

उन्होंने आगे कहा कि पंजाब की धरती वीरों की धरती है। सेवा और बलिदान की धरती है। श्री गुरु तेग बहादुर जी का त्याग, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की वीरता और शहीद-ए-आजम भगत सिंह का बलिदान हमें सिखाता है कि जीवन की महानता उसके उ‌द्देश्य में होती है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने “कारगिल विजय दिवस” पर उन वीर सैनिकों को भी श्रद्धापूर्वक नमन किया, भारत माता की रक्षा करते हुए अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्होंने कहा कि हमारे वीर जवानों ने अपना रक्त देकर राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा की और आज हमारे रक्तदाता अपना रक्त देकर मानव जीवन की रक्षा करने का संकल्प ले रहे हैं। एक ओर राष्ट्ररक्षा का अदम्य साहस है, दूसरी ओर जीवनरक्षा की अनुपम करुणा है। दोनों के मूल में त्याग है, कर्तव्य है और अपने से पहले दूसरों को रखने की महान भावना है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा सरकार द्वारा नशा के ख़िलाफ़ चलाए जा रहे अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि युवाओं को मैराथन एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है , क्योंकि अगर एक युवा नशा करता है तो उसके परिवार पर प्रतिकूल असर पड़ता है और गरीबी के दलदल में धंसता चला जाता है। उन्होंने सरकार द्वारा हरियाणा में चलाई गई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि एक लाख अस्सी हजार रूपये तक वार्षिक आय वाली महिलाओं को मात्र 500 रूपये में गैस का सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है , लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिला को 2100 रूपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। किसानों की 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में युवाओं को बिना पर्ची खर्ची मेरिट के आधार पर नौकरियां दी जा रही हैं। दो दिन पहले जो जेबीटी अध्यापकों का परीक्षा परिणाम आया है उसमें 1500 युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरी मिली है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सभी वर्ग केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों से खुश हैं।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को कुरुक्षेत्र के लाडवा विधानसभा क्षेत्र के आईजीएन कॉलेज में स्थित धनौरा जाटान बूथ पर प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को नागरिकों के साथ सुना। इसके उपरांत उन्होंने नागरिकों से इस विषय पर चर्चा भी की। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कारगिल विजय दिवस पर विभिन्न खेलों के विजेता खिलाडिय़ों को बधाई दी। इसके साथ ही एक पेड़ मां के नाम लगाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 1 करोड़ 86 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में पौधे रोपित किए जा रहे है। मुख्यमंत्री ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि परिवार में किसी खुशी के मौके जैसे जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ इत्यादि पर पौधा रोपित जरूर करे।

इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री श्री सुभाष सुधा, उपायुक्त श्री विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक श्री चंद्र मोहन, एडीसी श्री विवेक आर्य, एसडीएम श्री अनुभव मेहता, चेयरमैन श्री सुभाष कलसाना, भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री जयभगवान शर्मा डीडी, चेयरमैन श्री गुरनाम सैनी, श्री रविंद्र सांगवान, जिलाध्यक्ष श्री रमेश सैनी, चेयरपर्सन साक्षी खुराना सहित गणमान्य मौजूद रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।