×
Chaupal Tv
Haryana

जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन 31 जुलाई तक करें : डीसी आयुष सिन्हा

फरीदाबाद, 13 जुलाई।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जिले के अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि वे जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (जेएनवीएसटी)-2027 के लिए समय रहते ऑनलाइन आवेदन अवश्य करें। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय समिति, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा कक्षा-6 में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है तथा आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी सरकारी विद्यालयों, शिक्षा विभाग तथा अन्य उपलब्ध माध्यमों के जरिए चयन परीक्षा एवं ऑनलाइन पंजीकरण संबंधी जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि दूर-दराज के क्षेत्रों के पात्र एवं मेधावी विद्यार्थी भी इस अवसर का लाभ उठा सकें।

उन्होंने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय देश के ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं पूर्णतः निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने वाला प्रतिष्ठित संस्थान है। ऐसे में पात्र विद्यार्थी इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना आवेदन अवश्य करें।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि जेएनवीएसटी-2027 के लिए आवेदन नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट http://www.navodaya.gov.in तथा https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/ के माध्यम से ऑनलाइन किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और किसी भी तकनीकी परेशानी से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

उन्होंने बताया कि नवोदय विद्यालय समिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार कक्षा-6 जेएनवीएसटी-2027 चयन परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर, 2026 को किया जाएगा। जिला प्रशासन इस परीक्षा के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए शिक्षा विभाग एवं संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर रहा है ताकि जिले का कोई भी पात्र विद्यार्थी आवेदन करने से वंचित न रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।