×
Chaupal Tv
Latest Update

मॉनसून से पहले जलभराव रोकने के लिए सभी एजेंसियां करें समन्वय से कार्य : एडीसी सोनू भट्ट

गुरुग्राम, 21 मई।

आगामी मॉनसून सीजन के दौरान शहर में जलभराव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में वीरवार को एडीसी सोनू भट्ट ने विभिन्न एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जल निकासी और फ्लड मैनेजमेंट से जुड़े प्रबंधों की समीक्षा की। बैठक में जीएमडीए, नगर निगम गुरुग्राम, एनएचएआई सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि पिछले वर्षों के मॉनसून अनुभवों को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि बारिश के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। एडीसी ने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सरफेस ड्रेनों की मॉनसून पूर्व व्यापक सफाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां पूर्व में जलभराव की स्थिति बनी थी, वहां पर्याप्त संख्या में निकासी पंप लगाए जाएं। साथ ही जिन स्थानों पर पंपों की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता है, वहां तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में मुख्य मार्गों और अंडरपासों पर जलभराव नहीं होना चाहिए, क्योंकि इससे यातायात प्रभावित होता है और आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बैठक के दौरान एडीसी ने जीएमडीए अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग के फ्लड कंट्रोल रूम में शिफ्टवार डेडिकेटेड स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के दौरान शिकायतों और आपात परिस्थितियों का तुरंत समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय मोड में कार्य करे और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।

बैठक में जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता विक्रम ने बताया कि गुरुग्राम में कुल 23 अंडरपास हैं, जिन पर जल निकासी व्यवस्था को लेकर लगातार मॉकड्रिल की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी अंडरपासों पर पंपिंग सिस्टम, बिजली आपूर्ति और आपातकालीन संसाधनों की जांच की जा रही है।

उन्होंने जानकारी दी कि एसपीआर के साथ लेग-4 में केवल कनेक्टिविटी से संबंधित कार्य शेष है, जिसे आगामी दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।

एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य मॉनसून के दौरान शहर में सुचारू यातायात और आमजन की सुविधा सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण जारी रखें और किसी भी समस्या के समाधान में लापरवाही न बरती जाए।

बैठक में सीईओ जिला परिषद सुमित कुमार, एसडीएम गुरुग्राम हितेंद्र कुमार, एसीपी ट्रैफिक सत्यपाल यादव, जिला राजस्व अधिकारी विजय यादव सहित जीएमडीए, नगर निगम गुरुग्राम तथा एनएचएआई के अधिकारी उपस्थित रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।