×
Chaupal Tv
Haryana

अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने समाधान शिविर में नागरिकों की शिकायतों का किया समाधान

हिसार, 09 जुलाई।
लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में वीरवार को अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने आमजन की समस्याएं सुनी और उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बेवजह नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़े। इसके लिए प्रत्येक विभाग के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि उनके विभाग से संबंधित शिकायत ज्यादा दिन तक लंबित न रहे।
समाधान शिविर में आजाद नगर निवासी पुनम द्वारा ईएमआई न भरने पर बैंक द्वारा घर बेचने के नोटिस संबंधी मामले तथा साकेत कॉलोनी निवासी कांशीराम द्वारा समिति के विरुद्ध झूठे आरोप लगाकर सरकारी अधिकारियों को गुमराह करने व समिति की छवि धूमिल करने संबंधी शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को दोनों मामलों पर आगामी कार्यवाही करने को कहा। गांव सीसवाल निवासी एक प्रार्थी ने खेत में पड़ोसी द्वारा सरकारी पक्की खाल को बंद करके पानी रोकने व हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी संबंधी शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त ने पुलिस विभाग को मामले की जांच कर उचित कार्यवाही करने को कहा। गांव लाडवी निवासी बलदेव द्वारा कृषि भूमि सिंचाई हेतु सीसवाल सब माईनर के मोगा एवं खाल के निर्माण के दौरान हुए भ्रष्टाचार की जांच करवाने संबंधी मांग पर अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौका मुआयना कर विभागीय कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार एक अन्य मामले में एक पशु पालन सहकारी गृह निर्माण समिति को सरकार द्वारा आवंटित भूमि पर प्रबंधक कमेटी के सदस्यों द्वारा गलत तरीके से प्लाट काटने एवं बेचने संबंधी मामलों की जांच करवाने की मांग पर अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला रजिस्ट्रार कार्यालय को मामले की जांच कर आगामी कार्यवाही करने की हिदायत दी। चंदर लोक कॉलोनी निवासी अमित कुमार द्वारा जमीन खरीद मामले में प्रॉपर्टी डीलर द्वारा धोखाधड़ी करने तथा गांव पातन से छोटूराम द्वारा गांव के एक अन्य निवासी द्वारा घर में घुसकर जानलेवा हमले संबंधी शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त ने पुलिस विभाग को मामलों की जांच कर संबंधित नागरिकों के खिलाफ उचित कार्यवाही अमल में लाने को कहा।
इस अवसर पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार, नगर निगम अतिरिक्त आयुक्त प्रदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।