हिसार, 21 मई।
आगामी 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर प्रदेशभर में हरियाणा योग आयोग, आयुष विभाग एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में योग दिवस प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गांव मंगाली स्थित पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण का पूर्वाभ्यास कार्यक्रम विद्यालय के प्रिंसिपल साबराम की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ जयदीप आर्य के दिशानिर्देशों तथा जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ धर्मपाल पूनिया के निर्देशन में आयोजित हुआ।
जिला कॉर्डिनेटर डॉ बलराज एवं योग विशेषज्ञ पूजा के सहयोग से योग सहायक सुनील कुमार ने छात्राओं एवं स्टाफ को योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दिया। योग सहायक सुनील कुमार ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ मनाया जाएगा। योग दिवस लोगों को नियमित रूप से योग को अपनी जीवनशैली में अपनाने के लिए प्रेरित करता है, जिससे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। डीपीई मंजू देवी ने बताया कि यह योग प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार तीन दिनों तक आयोजित किया जाएगा। इसमें विद्यालय की सभी छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों को योग प्रोटोकॉल का विस्तृत प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि योग दिवस पर सामूहिक रूप से बेहतर प्रस्तुति दी जा सके। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।









