रोहतक, 10 जुलाई।
बिजली विभाग के निजीकरण, स्मार्ट मीटर योजना तथा बिजली वितरण व्यवस्था में प्रस्तावित बदलावों के विरोध में ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर्स यूनियन द्वारा 14 जुलाई 2026 को प्रातः 10:00 बजे कर्मचारी भवन, रोहतक में विभिन्न किसान, कर्मचारी एवं जन संगठनों की संयुक्त बैठक बुलाई गई है।

इस बैठक में भारतीय किसान यूनियन की ओर से प्रदेश अध्यक्ष रतन मान संगठन का प्रतिनिधित्व करेंगे। रतन मान ने कहा कि बिजली जैसी आवश्यक जनसेवा का निजीकरण किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं के हितों के खिलाफ है। यदि बिजली व्यवस्था निजी हाथों में जाती है तो आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा और सस्ती बिजली उपलब्ध कराना कठिन हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन हमेशा किसानों और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। इसी उद्देश्य से संगठन इस महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेकर निजीकरण के खिलाफ साझा रणनीति बनाने में अपनी भूमिका निभाएगा।

भारतीय किसान यूनियन ने अपने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया है कि वे जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर एकजुट होकर आंदोलन को मजबूत करें तथा बिजली विभाग के निजीकरण के विरोध में चलाए जा रहे अभियान का समर्थन करें।