जिला वन अधिकारी झालकर उयाके ने बताया कि जिला प्रशासन एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 77वें वन महोत्सव के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार, 30 जुलाई को प्रातः 10:00 बजे बल्लभगढ़ आईएमटी में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 77वां राज्य स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम जिला करनाल में आयोजित होगा, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जिला फरीदाबाद में ऑनलाइन माध्यम से लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
जिला वन अधिकारी झालकर उयाके ने बताया कि जिला स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम में भारत सरकार में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, फरीदाबाद एनआईटी विधायक सतीश कुमार फागना, बड़खल विधायक धनेश अदलखा, पृथला के पूर्व विधायक टेक चंद शर्मा, नगर निगम मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, फरीदाबाद भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, बल्लभगढ़ भाजपा जिलाध्यक्ष सोहन पाल सिंह तथा जिला परिषद चेयरमैन विजय लोहिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
इसके अतिरिक्त नगरपालिका समितियों एवं परिषदों के अध्यक्ष, ब्लॉक समितियों के अध्यक्ष तथा जिले के अन्य गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
जिला वन अधिकारी झालकर उयाके ने कहा कि वन महोत्सव का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र में वृद्धि तथा आमजन में वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।









