*महिलाएं और उनके 15 वर्ष तक के बच्चे कर सकेंगे बसों में मुफ्त यात्रा*
*27 अगस्त दोपहर 12 बजे से 28 अगस्त मध्य रात्रि तक लागू रहेगी सुविधा*
*सुरक्षा की दृष्टि से बस स्टेण्ड पर पर्याप्त पुलिस स्टाफ होंगे तैनात*
चण्डीगढ 25 अगस्त- हरियाणा सरकार द्वारा हर साल की तरह इस साल भी रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेश की महिलाओं को विशेष सौगात देने का निर्णय लिया है। इस फैसले के तहत रक्षाबंधन के पावन अवसर पर सभी महिलाओं को हरियाणा राज्य परिवहन की साधारण बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है।
सरकारी प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह निःशुल्क यात्रा की सुविधा 27 अगस्त को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी जो 28 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक लागू रहेगी। यात्रा के दौरान महिलाओं के साथ उनके 15 वर्ष तक आयु के बच्चे भी हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में बिना किराया दिए यात्रा का लाभ उठा सकेंगे। निःशुल्क यात्रा की सुविधा हरियाणा राज्य में स्थित किसी भी एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने के लिए मान्य होगी। जिसमें दिल्ली और चंडीगढ़ तक की यात्राएं भी शामिल की गई है।
प्रवक्ता ने बताया कि राज्य स्तर पर संबंधित अधिकारियों तथा सभी जिला महाप्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि वे रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए बसों के सुगम संचालन के अलावा पर्याप्त बसों की उपलब्धता तथा यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
*मार्गदर्शन हेतू बस स्टेण्ड पर परिवहन कर्मी होंगे तैनात*
उन्होंने बताया कि जिला महाप्रबंधक प्रत्येक बस स्टेण्ड पर परिवहन कर्मचारी को वर्दी में तैनात करेंगे ताकि महिलाओं का गंतव्य स्थल के लिए उचित मार्गदर्शन कर सकें। इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा के मध्येनजर बस स्टेण्ड पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस स्टाफ की भी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश की महिलाओं को रक्षाबंधन के पावन पर्व की मुख्यमंत्री की ओर से शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि यह भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व है। सरकार की इस पहल से महिलाएं और उनके बच्चों को अपने परिवारजनों के साथ त्यौंहार मनाने के लिए आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
क्रमांक 2026






