×
Chaupal Tv
Haryana

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रारूप मतदाता सूचियां प्रकाशित, 30 अगस्त तक दर्ज करवा सकते हैं दावे-आपत्तियां

सिरसा, 31 जुलाई।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शांतनु शर्मा की अध्यक्षता में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूचियों के प्रकाशन, दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया तथा अभियान के सफल संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में तहसीलदार चुनाव हनुमानदास ने ड्राफ्ट मतदाता सूची के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने बताया कि 31 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूचियों का प्रकाशन कर दिया गया है। सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ड्राफ्ट मतदाता सूची व एएसडीडी की प्रति उपलब्ध करवा दी गई है। इन सूचियों पर 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाई जा सकती हैं। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को होगा।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग दें। साथ ही पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं, महिलाओं तथा अन्य पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम, पता अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है अथवा नाम शामिल नहीं है, वे निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से निर्धारित अवधि के भीतर दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।
उपायुक्त ने बताया कि दावों एवं आपत्तियों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों की अतिरिक्त नियुक्ति की गई है। सिरसा विधानसभा क्षेत्र में 14 एईआरओ, कालांवाली, डबवाली और ऐलनाबाद विधानसभा क्षेत्रों में 10-10 एईआरओ तथा रानियां विधानसभा क्षेत्र में 11 एईआरओ तैनात किए गए हैं, ताकि मतदाताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि जिले में कुल 1,087 मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई है। प्रारूप सूची के अनुसार जिले में कुल 9,08,750 मतदाता हैं, जिनमें 4,82,381 पुरुष, 4,26,345 महिला तथा 24 अन्य मतदाता शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि कालांवाली विधानसभा क्षेत्र में 198 मतदान केंद्रों पर 1,72,461 मतदाता, डबवाली में 231 मतदान केंद्रों पर 1,87,521 मतदाता, रानियां में 211 मतदान केंद्रों पर 1,76,337 मतदाता, सिरसा में 233 मतदान केंद्रों पर 1,86,433 मतदाता तथा ऐलनाबाद में 214 मतदान केंद्रों पर 1,85,998 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि पात्र नागरिक जिनकी आयु 1 जुलाई 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है और जिनका नाम किसी अन्य विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से अपना नाम दर्ज करवा सकते हैं। इसी प्रकार नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन अथवा स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 निर्धारित अवधि के दौरान संबंधित बीएलओ के पास जमा किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं की 2002 की मतदाता सूची के साथ मैपिंग नहीं हुई है, जिले में ऐसे मतदाताओं की संख्या 69932 हैं तथा 99830 मतदाता है जिनके नाम, आयु आदि से संबंधित त्रुटियां पाई गई है, जिन्हें दुरूस्त करवाया जा  रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता अपने नाम एवं विवरण का सत्यापन संबंधित बूथ लेवल अधिकारी, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी, जिला निर्वाचन कार्यालय अथवा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की वेबसाइट पर कर सकता है। यदि किसी मतदाता का नाम दर्ज नहीं है, नाम हट गया है अथवा किसी प्रकार की त्रुटि है तो निर्धारित आवेदन प्रपत्र के माध्यम से समय रहते सुधार करवाना आवश्यक है।
उन्होंने बताया गया कि जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों कालांवाली, डबवाली, रानियां, सिरसा और ऐलनाबाद की प्रारूप मतदाता सूचियां प्रकाशित कर दी गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से अभियान को जनभागीदारी का रूप देने और अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने में सहयोग करने का आह्वान किया। साथ ही मतदाताओं से किसी भी प्रकार की निर्वाचन संबंधी जानकारी के लिए निर्वाचन हेल्पलाइन नंबर 1950 का उपयोग करने की अपील की गई।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों से प्रतिनिधि तरुण गुलाटी, राज कुमार सिंह, भूराराम, प्रेम राठी, ओम प्रकाश, कुलदीप, संजय नायक, हंसराज सामा, डा. सुकेश अरोड़ा मौजूद रहें।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।