×
Chaupal Tv
Haryana

ऑनलाइन परीक्षा पास अभ्यर्थियों के लिए फिजिकल टेस्ट के एडमिट कार्ड जारी

भिवानी, 31जुलाई। सेना भर्ती कार्यालय, चरखी दादरी ने अग्निपथ योजना के तहत भारतीय सेना में भर्ती के लिए ऑनलाइन परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी एवं भिवानी जिले के अभ्यर्थियों के फिजिकल टेस्ट के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं।
भर्ती निदेशक कर्नल के संदीप ने बताया कि अभ्यर्थी ज्वाइन इंडियन आर्मी की वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। भर्ती रैली का आयोजन 2 सितंबर से 15 सितंबर 2026 तक भीम स्टेडियम, भिवानी में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि फिजिकल टेस्ट के दौरान अभ्यर्थियों को 1600 मीटर दौड़, चिन-अप, 9 फीट गड्ढा पार करने तथा जिग-जैग बैलेंस जैसी शारीरिक दक्षता परीक्षाएं देनी होंगी। अभ्यर्थियों को अपने साथ 10वीं एवं 12वीं की अंकतालिका, हरियाणा निवास प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, भर्ती अधिसूचना के अनुसार शपथ पत्र, 20 रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो तथा अविवाहित होने का प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से लाना होगा। जिन अभ्यर्थियों के पास आईटीआई, एनआईईएलआईटी, एनसीसी अथवा खेल प्रमाण पत्र हैं, वे भी उन्हें साथ लेकर आएं। सेवानिवृत्त अथवा सेवारत सैनिकों के आश्रित अभ्यर्थियों को रिलेशनशिप सर्टिफिकेट एवं डिस्चार्ज बुक की प्रति भी साथ लानी होगी।
भर्ती निदेशक ने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में कोई परेशानी आती है तो वह सेना भर्ती कार्यालय, चरखी दादरी से संपर्क कर सकता है, जहां हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अग्निवीर क्लर्क एवं मल्टीपल कैटेगरी की भर्ती रैली अंबाला में आयोजित होगी, जिसकी सूचना संबंधित अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत ई-मेल के माध्यम से भेजी जाएगी। साथ ही उन्होंने युवाओं से किसी भी प्रकार के बहकावे में न आने की अपील करते हुए कहा कि सेना भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क, पारदर्शी और योग्यता आधारित है।
खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।