झज्जर, 30 जुलाई।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि एसआईआर कार्य अत्यंत संवेदनशील एवं उत्तरदायित्व पूर्ण कार्य है। इसमें कार्यरत प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं। डीसी गुरुवार को एसआईआर-2026 अभियान के दूसरे चरण को लेकर सीईओ हरियाणा से वीसी उपरांत निर्वाचन अधिकारियों की बैठक में जरूरी निर्देश दे रही थीं। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन उपरांत वोटर्स से 30 अगस्त तक प्राप्त दावे व आपतियो का निपटान किया जाएगा। ऐसे में अधिकारी वोटर की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क एक्टिव रखें। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई को बाद दोपहर 3 बजे लघु सचिवालय सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई है, जिसमें एसआईआर के अगले चरण को लेकर विस्तृत चर्चा होगी।
त्रुटिरहित मतदाता सूची ही स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि स्वच्छ, पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची ही स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला है। निर्वाचन आयोग की मंशा है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए अधिकारियों को नवीन दिशा-निर्देशों एवं तकनीकी प्रक्रियाओं का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया है।
एसआईआर अभियान 2026 के अनुरूप कार्य करें अधिकारी
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इसकी शुद्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दिशा में अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने दोहराया कि सभी अधिकारी प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का प्रभावी उपयोग करते हुए निर्वाचन आयोग की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करेंगे तथा जिला में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाएंगे।
डिजिटल प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर विशेष फोकस
डीसी ने कहा कि प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों को डिजिटल प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर पूरा फोकस होना चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को ईसीआईनेट पोर्टल के विभिन्न मॉड्यूल का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया है। इसमें नोटिस जनरेट करना, सुनवाई निर्धारित करना, दस्तावेज अपलोड करना, फील्ड सत्यापन रिपोर्ट प्राप्त करना, अंतिम आदेश दर्ज करना तथा विभिन्न श्रेणियों के मामलों का ऑनलाइन निस्तारण करना शामिल है।
विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाते हुए हो प्रत्येक आवेदन का निस्तारण
डीसी ने कहा कि शुक्रवार 31 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद प्राप्त होने वाले दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण निर्धारित नियमों एवं समय सीमा के भीतर किया जाए। पात्र नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों में संशोधन, पते में बदलाव तथा अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने से संबंधित सभी मामलों का निष्पक्ष परीक्षण सुनिश्चित हो। प्रत्येक आवेदन का निस्तारण विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाते हुए किया जाए।
1 अगस्त से 30 अगस्त तक दर्ज होंगे दावे एवं आपत्तियां
डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 1 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने, संशोधन कराने अथवा अन्य त्रुटियों के संबंध में दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।
उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे प्रारूप सूची में अपना नाम, पता तथा अन्य विवरण सावधानीपूर्वक जांचें और किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित अवधि के भीतर अपना दावा या आपत्ति अवश्य प्रस्तुत करें। उन्होंने बताया कि प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
यह अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, एसडीएम बादली विशाल कुमार, सीटीएम रितु, निर्वाचन उप तहसीलदार कुलदीप सहित सभी एईआरओ -1और
एईआरओ -2 उपस्थित थे।
–









