हिसार, 29 जुलाई।
अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने बुधवार को आयोजित जिला स्तरीय सर्वेक्षण समिति की बैठक में कहा कि बिना सुरक्षा उपकरणो के सीवरेज सफाई के मामलों में जिम्मेवार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि सीवर से संबंधित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाए तथा संबंधित हेल्पलाइन और तंत्र को सक्रिय रखा जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर अनुपालन रिपोर्ट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों तथा हाथ से मैला उठाने वाले कर्मियों के नियोजन का प्रतिषेध और पुनर्वास अधिनियम-2013 की समीक्षा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल को अवगत कराया गया कि जिले में हाथ से मैला उठाने की प्रथा का पूर्ण उन्मूलन सुनिश्चित किया गया है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा जारी निर्देशों तथा माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की अनुपालना में जिला स्तर पर सभी आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध ढंग से पूरी की गई है। इस पर अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि इस संबंध में एक पब्लिक नोटिस जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि जिले में हाथ से मैला उठाने वालो की जानकारी नही मिलती है तो नियमानुसार प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया भी समय पर पूरी की जाए।
बैठक में जिला स्तरीय सर्वेक्षण समिति की सक्रिय भूमिका पर भी चर्चा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने निर्देश दिए कि समिति नियमित रूप से सर्वेक्षण की समीक्षा करे तथा सत्यापित जानकारी को संबंधित पोर्टल पर समय पर अपलोड किया जाए। जिला कार्यालयों, नगर निकायों, पंचायत भवनों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर हाथ से मैला उठाने की प्रथा पर प्रतिबंध संबंधी जागरूकता बोर्ड लगाए जाएं। साथ ही स्थानीय समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कर आमजन को इस कानून और इसके प्रावधानों की जानकारी दी जाए।
बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, नगर निकाय, विकास एवं पंचायत, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बिना सुरक्षा उपकरणो के सीवरेज सफाई के मामलों में जिम्मेवार अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी: अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल आयोजित









