रोहतक, 29 जुलाई: उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला के नागरिकों का आह्वïान किया है कि वे स्वयं तथा दूसरे नागरिकों की सुरक्षा के दृष्टिïगत यातायात नियमों का स्वेच्छा से पालन करें। यातायात नियम नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर ही बनाए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों के जीवन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का सख्ती से लागू किया जा रहा है। जिला में जून माह के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के 8 हजार 784 चालान किए गए हैं।
सचिन गुप्ता ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक तरफ जहां सडक़ स्वामित्व एजेंसियों को सडक़ सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध करने के संबंधित निर्देश दिए गए है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान करने के भी निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा हर माह सडक़ सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की मासिक बैठक में सडक़ सुरक्षा के प्रबंधों की समीक्षा की जाती है तथा संबंधित एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। शहरी क्षेत्रों में रेड लाईट जम्प करने वालों के चालान बढ़ाने के अलावा शहर में प्रवेश करने वाले मुख्य बिन्दुओं पर पुलिस नाके लगाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान करने के लिए भी विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन सडक़ दुर्घटनाओं में होने वाली जानमाल की हानि को कम से कम करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
सचिन गुप्ता ने बताया कि जिला में गत जून 2026 के दौरान यातायात के विभिन्न नियमों का उल्लंघन करने वाले 8 हजार 784 वाहन चालकों के चालान किए गए हैं तथा 69 लाईसेंस निलंबित करने की सिफारिश की गई है। गत माह के दौरान पुलिस द्वारा बिना हेल्मेट दो पहिया वाहन चलाने वालों के 1134 चालान, सीट बेल्ट का प्रयोग किए बिना गाड़ी चलाने वालों के 299 चालान, ओवर स्पीड के 178 चालान, शराब का सेवन कर वाहन चलाने वालों के 108 चालान, गलत जगह वाहन पार्किंग के 1366 चालान, गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के 1362 चालान तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 4 हजार 321 चालान किए गए हैं।
नागरिक स्वेच्छा से यातायात नियमों का करें पालन- उपायुक्त सचिन गुप्ता









