गुरुग्राम, 28 जुलाई।
विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मुंज कुमार के मार्गदर्शन में आयुष ग्राम हसनपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों को हेपेटाइटिस (लिवर) रोग के प्रति जागरूक करना, समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित करना तथा आयुष पद्धति के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश देना था।
शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों एवं आसपास के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान लगभग 200 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रोगियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया तथा उनकी आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण भी किया गया। चिकित्सकों ने आयुष पद्धति, संतुलित आहार, योग तथा नियमित दिनचर्या को बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताया।
आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिवा ने हेपेटाइटिस विषय पर विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह मुख्य रूप से लिवर को प्रभावित करने वाला गंभीर रोग है। उन्होंने हेपेटाइटिस के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय, समय पर जांच, टीकाकरण, सुरक्षित रक्त चढ़ाने, स्वच्छ जीवनशैली अपनाने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही लोगों से योग, पौष्टिक आहार और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत हसनपुर के सरपंच विजेंद्र सिंह, डॉ. विकास यादव, डॉ. शिवा, डॉ. मोनिका, आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट अंकित तथा योग सहायक नाज़िम सहित आयुष विभाग की टीम उपस्थित रही।









