×
Chaupal Tv
Haryana

*मानसून के दौरान आमजन की सुरक्षा और सुगम आवागमन जिला प्रशासन की प्राथमिकता*

गुरुग्राम, 28 जुलाई।
गुरुग्राम जिले में मानसून के दौरान आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। जिला प्रशासन, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण, नगर निगम गुरुग्राम तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सहित सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जलभराव संभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अधिकारियों और फील्ड स्टाफ को पूरी तरह अलर्ट रखा गया है, ताकि वर्षा के दौरान यातायात और जनजीवन सामान्य बना रहे।
इसी क्रम में मंगलवार को डीसी उत्तम सिंह के निर्देश पर बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला ने सेक्टर-47 तथा बख्तावर चौक का दौरा कर मौके पर वर्षा के दौरान उत्पन्न स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जल निकासी व्यवस्था, पंपिंग सिस्टम तथा संवेदनशील स्थलों पर तैनात टीमों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि जहां भी जलभराव की स्थिति बनने की संभावना हो, वहां बिना किसी देरी के त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा यातायात बाधित न होने पाए।
वहीं गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र कुमार ने अतुल कटारिया चौक, सिग्नेचर टावर चौक तथा दिल्ली-गुरुग्राम राष्ट्रीय राजमार्ग (एक्सप्रेसवे) का निरीक्षण कर मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाए, जल निकासी के सभी संसाधनों को पूर्ण रूप से क्रियाशील रखा जाए तथा किसी भी स्थान पर जलभराव अथवा यातायात अवरोध की स्थिति बनने पर तत्काल प्रभाव से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि भारी वर्षा के दौरान सावधानी बरतें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा किसी भी प्रकार की समस्या या जलभराव की सूचना तुरंत संबंधित विभागों को दें, जिससे त्वरित कार्रवाई करते हुए आमजन को राहत उपलब्ध कराई जा सके।
खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।