×
Chaupal Tv
Haryana

अंत्योदय मेलों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने में सहभागी बन रही सरकार : एडीसी

बादली/झज्जर, 26 जुलाई
मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति को सरकार की जनकल्याणकारी  योजना से जोडक़र उसको आत्मनिर्भर बनाना है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की सकारात्मक जनहितकारी सोच के परिणामस्वरूप आज प्रदेश भर में विधानसभा क्षेत्र अनुरूप अंत्योदय मेले लगे हैं जिनके माध्यम से एक साथ जरूरतमंद पात्र परिवारों को लाभान्वित किया जा रहा है। यह बात एडीसी जगनिवास ने कही। वे रविवार को झज्जर जिला के बादली विधानसभा क्षेत्र में लगे अंत्योदय मेले में लाभार्थियों से सीधा संवाद कर रहे थे। रविवार को दिनभर हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत बादली स्थित बीडीपीओ कार्यालय में डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में अंत्योदय परिवार उत्थान मेले का आयोजन हुआ।
एडीसी जगनिवास ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का अवलोकन कर अधिकारियों को पात्र परिवारों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोडक़र आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार व जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र परिवार को उसकी आवश्यकता के अनुरूप स्वरोजगार, कौशल विकास, ऋण सुविधा एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले। किसी भी पात्र व्यक्ति को जानकारी के अभाव में योजनाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
एडीसी जगनिवास ने लाभार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक पात्र परिवार तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। मेले में पहुंचे लाभार्थियों ने एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए हरियाणा सरकार और जिला प्रशासन की पहल की सराहना की।
एडीसी जगनिवास ने कहा कि मेले से पहले प्री-काउंसलिंग टीम ने गांव-गांव जाकर पात्र लाभार्थियों से संपर्क किया तथा उन्हें आवश्यक दस्तावेजों और योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि मेले में 19 विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां पात्र नागरिकों के आवेदन भी मौके पर स्वीकार किए गए और दस्तावेजों के सत्यापन के साथ उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई।
19 विभागों के स्टॉल पर लाभार्थियों को मिली योजनाओं की जानकारी
एसडीएम बादली विशाल कुमार ने बताया कि अंत्योदय मेले में पशुपालन एवं डेयरी विभाग, हरियाणा डेयरी विकास प्रसंघ, महिला विकास निगम, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम, हरियाणा कौशल विकास निगम, एमएसएमई विभाग, उद्यान विभाग, मत्स्य पालन विभाग, रोजगार विभाग, रेडक्रॉस, कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), शहरी स्थानीय निकाय विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग सहित 19 विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों ने स्वरोजगार, कौशल विकास, सामाजिक सुरक्षा, ऋण सुविधा एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। मेले के सफल संचालन के लिए एसडीएम बादली विशाल कुमार ने अपनी प्रभावी जिम्मेवारी निभाई। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण कर लाभार्थियों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने तथा सभी व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।