भिवानी, 25 जुलाई। हरियाणा राज्य महिला आयोग की प्रदेश उपाध्यक्ष मीना परमार ने शनिवार को स्थानीय घंटाघर चौक के नजदीक और शहीद भगत सिंह चौक स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों का किया दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्कूलों में आंतरिक शिकायत निवारण समितियों की कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने स्कूल प्राचार्यों को निर्देश दिए कि छात्राओं द्वारा की जाने वाली किसी भी शिकायत पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करें। शिकायतों पर कार्रवाई में अनदेखी को हरियाणा महिला आयोग बर्दाश्त नहीं करेगा। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में जाकर शिक्षण कार्य का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मीना परमार ने छात्राओं से बात की और उनकी समस्याओं को जाना। उन्होंने कहा कि वे कड़ी मेहनत करें और अपना लक्ष्य निर्धारित कर जीवन में आगे बढ़ें। छात्राओं को किसी भी प्रकार से घबराने या चिंता करने की जरूरत नहीं है। हरियाणा महिला आयोग हमेशा उनके साथ में खड़ा है। छात्राओं के हितों पर कभी भी आंच नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने छात्राओं से आह्वान करते हुए कहा कि यदि उनके साथ में किसी भी स्तर पर कुछ भी गलत होता है तो वे उसका विरोध करें।उन्होंने छात्राओं से कहा उनको गुड टच और बैड टच के बारे में मालूम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि गलत कार्य का विरोध करने में हिचकिचाहट या शर्म महसूस ना करें। वे हमेशा निडर रहें।
मीना परमार ने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि छात्राओं को पढ़ाई में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। यदि आयोग के पास में किसी प्रकार की कोई शिकायत पहुंचती है तो महिला आयोग उसे पर कड़ा संज्ञान लेगा। इसके अलावा उन्होंने स्कूल परिसर में स्वच्छता का पूरा ध्यान रखने के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने यहां पर छात्राओं के लिए बने शौचालय और पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया।









