सिरसा, 16 जुलाई।
स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत स्वच्छता से स्वागत अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से वीरवार को पंचायत भवन के सभागार में वार्ड समिति सदस्यों, वार्ड पार्षदों, प्लास्टिक एवं डिस्पोजेबल आइटम के थोक विक्रेताओं, रेहड़ी यूनियन के प्रतिनिधियों, मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारियों, सरकारी एवं निजी स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन शांति स्वरूप, जिला नगर आयुक्त सुरेंद्र बैनीवाल, सीएमजीजीए पुरु रोहिल्ला, ईओ एमसी सुमन लता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
नगर परिषद के चेयरमैन शांति स्वरूप ने कहा कि स्वच्छ शहर का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए स्वच्छता के नियमों का पालन करेगा। स्वच्छ शहर का निर्माण केवल प्रशासन के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग अपने घर, गली और बाजार की साफ-सफाई का ध्यान रखें तो सिरसा स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान बना सकता है।
जिला नगर आयुक्त सुरेंद्र बैनीवाल ने कहा कि दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर डस्टबिन रखें तथा बाजारों में प्रतिदिन अपने प्रतिष्ठानों के सामने सफाई सुनिश्चित करें। रेहड़ी व फेरी लगाने वाले विक्रेता भी अपने कार्यस्थल के आसपास स्वच्छता बनाए रखें। नागरिक सडक़ों, नालियों, खाली प्लॉटों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें, बल्कि निर्धारित स्थानों का ही उपयोग करें। उन्होंने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक एवं डिस्पोजेबल सामग्री का उपयोग कम करने, खरीदारी के लिए जूट या कपड़े के थैले अपनाने तथा नालियों में पॉलीथिन एवं ठोस कचरा न डालने की अपील की।
सीएमजीजीए पुरू रोहिल्ला ने कहा कि स्कूल प्रिंसिपल स्कूलों में विद्यार्थियों को स्वच्छता शपथ दिलाएं और उन्हें नियमित तौर पर जागरूक करें, मार्केट एसोसिएशन एवं वार्ड समितियों द्वारा नियमित सफाई की निगरानी जैसे प्रयास शहर को स्वच्छ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है। उन्होंने विभिन्न एसोसिएशन के पदाधिकारियों से दुकानों और बाजारों में पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।
बैठक में मौजूद आईईसी सरोज बिश्नोई ने प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर जूट अथवा कपड़े के बैग का उपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ प्लास्टिक प्रदूषण पर भी प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। इस अवसर पर अध्यापक बलबीर पिलानियां ने घरों से निकलने वाले जैविक कचरे से खाद बनाने की प्रक्रिया की जानकारी दी तथा लोगों को गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान जीडी गोयंका पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने स्वच्छता विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। वहीं स्काउट एवं गाइड टीम ने स्वच्छता संदेश के साथ परेड एवं मार्च पास्ट निकालकर अभियान को जन-जागरूकता का स्वरूप दिया।
बैठक में नगर परिषद डबवाली के ईओ सुरेंद्र सिंह, नगर पालिका रानियां के सचिव विक्रमजीत सिंह, नगर पालिका ऐलनाबाद के सचिव रविंद्र सिंह, नगर पालिका कालांवाली के सचिव गिरधारी लाल, सीएसआई जयवीर सिंह, सीटीएल रोहित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाने के लिए सभी वर्गों से सहयोग जरूरी: डीएमसी सुरेंद्र बैनीवाल









