×
Chaupal Tv
Haryana

डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने झज्जर जिला के शेष मतदाताओं से किया आज ही गणना प्रपत्र भरते हुए बीएलओ को सौंपने का आह्वान

झज्जर, 16 जुलाई।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत गणना चरण के लिए बेशक 24 जुलाई तक समय प्रदान किया गया है लेकिन झज्जर जिला के ऐसे वोटर जिन्होंने अभी तक अपना गणना प्रपत्र भरकर जमा नहीं कराया है, वे आज ही बिना विलम्ब के तुरंत प्रपत्र भरकर बीएलओ को दें ताकि तत्काल डिजिटाइजेशन हो सके।
डीसी ने सभी सुपरवाइजर, बीएलओ व संबंधित अधिकारियों को मिशन मोड में अधिकतम गणना प्रपत्र एकत्रित करने, मतदाता विवरणों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने तथा अभियान को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
चिह्नित मामलों का होगा दोबारा गहन सत्यापन
डीसी ने बताया कि जिन मामलों को सत्यापन की आवश्यकता के लिए चिह्नित किया गया है, उनका गहन सत्यापन कराया जाए ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या चूक की संभावना समाप्त हो सके। आवश्यकता होने पर संबंधित क्षेत्रों में पुनः भ्रमण कर सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक बूथ स्तर अधिकारी अपने क्षेत्र के सभी ऐसे मामलों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करेगा तथा पर्यवेक्षक भी इसकी पुष्टि करेंगे। इसके साथ ही निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी द्वारा भी चयनित मामलों का पुनः परीक्षण किया जाए।
गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत संग्रह सुनिश्चित करने के निर्देश
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि जिन मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, उनसे अधिकतम संख्या में प्रपत्र वापस प्राप्त किए जाएं। जिन मतदाताओं ने अभी तक अपने प्रपत्र जमा नहीं किए हैं, उनसे व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें प्रपत्र भरने एवं जमा कराने के लिए प्रेरित किया जाए। आवश्यकतानुसार बूथ स्तर अधिकारियों द्वारा दोबारा घर-घर जाकर संपर्क भी किया जाए।
विभिन्न प्रचार माध्यमों से एसआईआर के प्रति मतदाताओं को किया जा रहा जागरूक
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि गणना प्रपत्र जमा करने की बढ़ी हुई अवधि की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत समाचार माध्यमों, सोशल मीडिया, शहरी स्थानीय निकायों के वाहनों, शिक्षण संस्थानों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा अन्य सामुदायिक माध्यमों के जरिए ऐसे मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है जिन्होंने किसी कारणवश अपना गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को नही दिया है। ऐसे में अधिक से अधिक पात्र मतदाता समय रहते अपने गणना प्रपत्र जमा कर सकें।
कम प्रपत्र प्राप्त होने वाले मतदान केंद्रों पर विशेष फोकस
डीसी ने बताया कि जिन मतदान केंद्रों पर गणना प्रपत्रों की प्राप्ति अपेक्षाकृत कम है, उनकी प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। ऐसे क्षेत्रों में अतिरिक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती, नियमित निरीक्षण तथा विशेष संपर्क अभियान चलाकर पात्र मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित की जा रही है, ताकि निर्धारित अवधि के भीतर अधिकतम गणना प्रपत्र प्राप्त किए जा सकें।
मतदाता सूचियों का 31 जुलाई को ड्राफ्ट पब्लिकेशन
डीसी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के तहत गणना प्रपत्रो के संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन उपरांत 31 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी। 31 जुलाई से 30 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, उनका निस्तारण 28 सितंबर तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
अधिकारी मिशन मोड में पूरा करें विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए अतिरिक्त समय का पूर्ण उपयोग करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को मिशन मोड में पूरा किया जाएगा। अभियान के दौरान अधिकतम कवरेज, शुद्धता, व्यापक सत्यापन तथा सभी निर्धारित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने पर विशेष बल दिया जाएगा। उन्होंने पुनः जिला के वोटरों से आह्वान किया कि वे 24 जुलाई का इंतजार ना करते हुए तुरंत अपना गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को दें।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।