×
Chaupal Tv
Haryana

 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपे जाने वाले ज्ञापन की मांगों का प्रमुख नेताओं ने किया समर्थन

भिवानी, 16 जुलाई। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के तत्वावधान तथा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष अविनाश यादव के नेतृत्व में देशभर में चलाए जा रहे छात्रों की गूंज अभियान के अंतर्गत आज एनएसयूआई भिवानी द्वारा जिला अध्यक्ष मंजीत लांग्यान के नेतृत्व में भिवानी में छात्रों की एक जनसभा आयोजित की गई।
इस दौरान जिले के विभिन्न विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों से सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। जनसभा में 17 जुलाई को हरियाणा के जींद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपे जाने वाले विद्यार्थियों की समस्याओं एवं मांगों से संबंधित ज्ञापन पर विस्तार से चर्चा की गई तथा विद्यार्थियों से सुझाव एवं समर्थन प्राप्त किया गया।
जनसभा में विद्यार्थियों ने पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, भर्ती परीक्षाओं में देरी, बढ़ती बेरोजगारी, लंबित छात्रवृत्तियों, महंगी शिक्षा तथा शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया।
विद्यार्थियों से प्राप्त सुझावों एवं मांगों के आधार पर तैयार किए गए ज्ञापन में प्रमुख रूप से नीट-2026 पेपर लीक एवं अन्य अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, सभी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पूर्णत: सुरक्षित एवं पारदर्शी पेपर लीक फ्री एग्जामिनेशन सिस्टम लागू करने, एचटेट-2026 में हुई अनियमितताओं की उच्च स्तरीय स्वतंत्र जांच, एससी एवं बीसी वर्ग के पात्र विद्यार्थियों की लंबित छात्रवृत्तियों का तत्काल भुगतान, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर प्रभावी स्टूडेंट ग्रीवेंस रिड्रेसल मैकेनिज्म की स्थापना तथा सरकारी शिक्षण संस्थानों में रिक्त शिक्षकीय एवं गैर-शिक्षकीय पदों पर शीघ्र नियुक्तियां एवं शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
लोहारू विधायक राजबीर फरटिया ने कहा कि आज देश का युवा केवल डिग्री नहीं, बल्कि निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था, समय पर रोजगार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा चाहता है। लगातार पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी और शिक्षा व्यवस्था की खामियों ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित किया है। एनएसयूआई द्वारा छात्रों की गूंज अभियान के माध्यम से उठाई गई मांगें पूरी तरह न्यायसंगत एवं जनहित में हैं।
सरकार को इन मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए पेपर लीक पर कठोर कार्रवाई, समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया, लंबित छात्रवृत्तियों का शीघ्र भुगतान तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। विद्यार्थियों की आवाज़ को लोकतांत्रिक तरीके से देश के सर्वोच्च नेतृत्व तक पहुंचाना एक सकारात्मक पहल है और मैं इस अभियान तथा इसकी सभी मांगों का पूर्ण समर्थन करता हूं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल प्रधान ने कहा कि लगातार पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी, बढ़ती बेरोजगारी, महंगी शिक्षा और लंबित छात्रवृत्तियों ने विद्यार्थियों का भविष्य संकट में डाल दिया है। सरकार को बिना किसी देरी के इन समस्याओं का समाधान कर युवाओं का विश्वास बहाल करना चाहिए। एनएसयूआई द्वारा उठाई गई सभी मांगें पूरी तरह विद्यार्थियों के हित में हैं और मैं उनका पूर्ण समर्थन करता हूं।
समाजसेवी एवं पूर्व छात्र नेता उमेश भारद्वाज ने कहा कि किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत उसका शिक्षित और आत्मविश्वासी युवा होता है। परीक्षा माफिया पर कठोर कार्रवाई, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली, समयबद्ध भर्ती कैलेंडर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के अवसर सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हितों से जुड़े इस अभियान और ज्ञापन की सभी मांगों का वह पूर्ण समर्थन करते हैं।
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष मंजीत लांग्यान ने कहा कि छात्रों की गूंज अभियान किसी संगठन विशेष का नहीं, बल्कि देश के करोड़ों विद्यार्थियों की आवाज है। भिवानी जिले के विद्यार्थियों से प्राप्त सुझावों एवं मांगों के आधार पर तैयार यह ज्ञापन 17 जुलाई को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उनका उद्देश्य पूर्णत: लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से विद्यार्थियों की समस्याओं को देश के सर्वोच्च नेतृत्व के समक्ष रखना है। उन्हें विश्वास है कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी। यदि विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो एनएसयूआई लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष और तेज करेगी।
इस अवसर पर देवराज मेहता, टीम राजबीर फरटिया से ऋतिक राणा, संदीप, जतिन, सचिन, इमरान, इरफान खान, कुणाल, साहिल, आर.के., पवन, मोहम्मद, यश एवं सुनील, रोहित शर्मा, अक्षय, अजय, मोहित, नरेंद्र, सनी सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं, एनएसयूआई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।