×
Chaupal Tv
Haryana

एसआईआर-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना : उपायुक्त आयुष सिन्हा

फरीदाबाद, 15 जुलाई।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 अभियान पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। यह अभियान निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक निष्पक्ष, विश्वसनीय एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी तथा इनका निस्तारण 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। सभी निर्धारित प्रक्रियाएं पूर्ण करने के उपरांत 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि यदि किसी मतदाता का नाम पूर्व की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा वर्ष 2002 की मतदाता सूची में उसका उल्लेख उपलब्ध नहीं है, तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। संबंधित व्यक्ति अपना गणना प्रपत्र जमा करें। निर्वाचन अधिकारी आवश्यक जांच एवं सत्यापन के बाद पात्र पाए जाने पर उसका नाम मतदाता सूची में शामिल करेंगे। वहीं, कोई भी व्यक्ति एक से अधिक स्थानों पर मतदाता के रूप में पंजीकरण नहीं करा सकता। ऐसा करना निर्वाचन कानून के तहत दंडनीय अपराध है।

उपायुक्त आयुष ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि बीएलओ का पूरा सहयोग दें तथा सही एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराएं। यदि बीएलओ के आने के समय कोई मतदाता घर पर उपलब्ध नहीं हो, तो वह अपना मोबाइल नंबर अथवा संपर्क विवरण उपलब्ध कराए ताकि आवश्यक होने पर उससे संपर्क किया जा सके।  उन्होंने बताया कि यदि किसी मतदाता को किसी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता की आवश्यकता हो तो वह निर्वाचन हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकता है। इसके अतिरिक्त मतदाता Voters Service Portal (voters.eci.gov.in) अथवा ECINet ऐप के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।