×
Chaupal Tv
Haryana

‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान के तहत वार्ड नंबर-3 में चलाया विशेष सफाई अभियान

सिरसा, 15 जुलाई।
‘स्वच्छता से स्वागत’ विशेष सफाई अभियान के तहत बुधवार को नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर-3 में सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान क्षेत्र की सडक़ों, नालियों एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई करवाई गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया। इसके अलावा जिला में विभिन्न क्षेत्रों में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया।
इस अवसर पर हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन रविंद्र बलियाला, जिला नगर आयुक्त सुरेंद्र बैनीवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट, जिला महामंत्री अंबर कुमार, पार्षद सुमन शर्मा, रमेश मेहता, सुमन सैनी, मक्खन सिंह ख्योवाली, गंगा सागर केहरवाला, राजेश जलंधरा, पूर्व चेयरमैन गुरदेव सिंह राही, सागर बजाज, अंग्रेज ओलख, सांवरमल गुर्जर, बबिता, कविता सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
चेयरमैन रविंद्र बलियाला ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जनभागीदारी के बिना स्वच्छ और सुंदर शहर का सपना साकार नहीं हो सकता। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि स्वच्छ वातावरण बेहतर स्वास्थ्य और समृद्ध समाज की पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को जन-जन का अभियान बनाकर ही शहर और गांवों को स्वच्छ रखा जा सकता है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
नगर परिषद के चेयरमैन शांति स्वरूप ने कहा कि स्वच्छता हम सभी का दायित्व है। शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा नियमित रूप से विशेष सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं और जनसहभागिता से इन अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
जिला नगर आयुक्त सुरेंद्र बैनीवाल ने कहा कि नगर परिषद द्वारा शहर के सभी वार्डों में नियमित रूप से विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाना, लोगों को जागरूक करना तथा शहर को साफ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे घरों और बाजारों में कचरे का पृथक्करण करें तथा नगर परिषद के स्वच्छता अभियानों में सक्रिय सहयोग देकर स्वच्छ सिरसा के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।